जयपुर : राजधानी जयपुर में बेकाबू डंपर ने कहर बरपाया है. डंपर ने कई किलोमीटर तक वाहनों को चपेट में लिया. कई बाइक, कार और पिकअप पर कहर बनकर डंपर दौड़ा. हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है. जिसमें एक बच्चा भी शामिल है, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हो चुके है.
CCTV फुटेज में रिकॉर्ड हुआ भीषण हादसा:
लोहा मंडी की तरफ से रोड नंबर-14 से हाईवे पर चढ़ने के लिए डंपर जा रहा था. CCTV फुटेज में ट्रक बड़े खतरनाक ढंग से लोगों को रौंदता नजर आ रहा है. जिसमें डंपर ड्राइवर 100 से अधिक की स्पीड में गाड़ी दौड़ता हुआ नजर आ रहा है. बेकाबू डंपर ने रास्ते में जो आया उसको अपने चपेट में ले लिया.
नशे में धुत ट्रक ड्राइवर ने किया भयानक एक्सीडेंट:
शराब के नशे में मिले डंपर ड्राइवर को लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया. डिप्टी सीएम डॉ.प्रेमचंद बैरवा ने भी पुष्टि की है कि डंपर का चालक नशे में था. चालक शराब पी कर डंपर चला रहा था. हादसे में कई मृतकों के अंग शरीर से अलग हो गए. घायलों का SMS और कांवटिया अस्पताल में चल उपचार रहा है.
आरोपी डंपर चालक को पुलिस ने किया गिरफ्तार:
आरोपी डंपर चालक नाम कल्याण मीणा बताया जा रहा है. फिलहाल चालक का अस्पताल में मेडिकल करवाया जा रहा है. घटनास्थल से एक किलोमीटर पहले भी डंपर चालक ने एक कार को टक्कर मारी थी. जहां पर लोगों के साथ डंपर चालक की झड़प हुई थी. वहीं से लोगों से बचने के लिए तेज गति से लेकर डंपर आ रहा था. इसी दौरान यह भयावह हादसा घटित हुआ. फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
भजनलाल शर्मा ने जताया हादसे पर दुख:
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि जयपुर के हरमाड़ा स्थित लोहामंडी क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है. संबंधित अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने परम धाम में स्थान दें व शोकाकुल परिवारजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करें.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिया संवेदनशीलता का परिचय:
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मंत्रियों को निर्देशित किया. घायलों को बेहतर इलाज मिले, किसी प्रकार की कमी नहीं हो. कांवटिया अस्पताल में मंत्री झाबर सिंह खर्रा और केके विश्नोई को भेजा. मंत्री सुरेश रावत व सुमित गोदारा SMS अस्पताल पहुंचे. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा लगातार दुर्घटना का फीडबैक ले रहे हैं. कलेक्टर, SMS अस्पताल, कांवटिया अस्पताल के डाक्टरों को निर्देश दिए हैं.
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जताया हादसे पर शोक:
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस भीषण सड़क हादसे पर शोक जताते हुए कहा कि जयपुर के हरमाड़ा में एक भीषण सड़क हादसे में बड़ी जनहानि का समाचार सुनकर बेहद दुख हुआ है. मैं इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतजनों की आत्मा को शांति एवं परिजनों को संबल एवं धैर्य प्रदान करें. इस हादसे में घायल हुए सभी लोगों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं.