Kedarnath Dham: केदारनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद... जयकारों से गूंज उठा धाम, अब छह महीने ऊखीमठ में होंगे दर्शन

उत्तराखंडः केदारनाथ धाम में इस साल की यात्रा का समापन हो गया है. धार्मिक परंपराओं और विधि-विधान के साथ बाबा केदारनाथ के मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए. सुबह साढ़े 8 बजे कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष के लिए भक्तों के नियमित दर्शन पर विराम लग गया. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का सैलाब मौजूद रहा. 

कपाट बंद करने से पहले मंदिर के गर्भगृह में विशेष पूजा-अर्चना और समाधि पूजा की गई. इसके बाद बाबा केदार के स्वयंभू शिवलिंग को समाधि देने की परंपरा पूरी की गई और मंदिर के मुख्य द्वार को आगामी छह महीनों के लिए बंद कर दिया गया. कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हुई. 

अब ऊखीमठ में होंगे दर्शनः
बाबा की यह डोली ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी. जहां अब अगले छह महीने तक यहीं बाबा केदारनाथ की शीतकालीन पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे. बता दें कि इस बार यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. कपाट बंद होने तक 19 लाख 14 हजार से अधिक भक्तों ने दर्शन किए.