मोटर ड्राइविंग स्कूलों का बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर, RTO प्रथम के निर्देशों पर किया गोपनीय डिकॉय ऑपरेशन, देखिए खास रिपोर्ट

जयपुरः जयपुर में मोटर ड्राइविंग स्कूलों का बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है, आरटीओ प्रथम के निर्देश पर एक गोपनीय डिकॉय ऑपरेशन किया गया, जिसमें चौंकाने वाले खुलासे सामने आए. मोटर ड्राइविंग स्कूल 3 से 5 हज़ार रुपए वसूल कर फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र जारी कर रहे हैं 

आरटीओ की टीम द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में कुल 6 मोटर ड्राइविंग स्कूलों की जांच की गई, जिनमें से अधिकांश का अस्तित्व सिर्फ कागज़ों तक सीमित मिला. मौके पर न तो कोई प्रशिक्षण वाहन मिला और न ही ड्राइविंग सिखाने के लिए जरूरी संसाधन या व्यवस्था. साफ है कि नियमों को दरकिनार कर केवल कागज़ी खानापूर्ति के जरिए लाइसेंस प्रक्रिया को प्रभावित किया जा रहा था.जांच में सामने आया कि व्यावसायिक लाइसेंस के लिए आवश्यक अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने के नाम पर 3 से 5 हजार रुपये तक की अवैध वसूली की जा रही थी. नियमों के अनुसार, हैवी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए कम से कम 30 दिन का वास्तविक अनुभव और न्यूनतम 15 घंटे का सघन प्रशिक्षण अनिवार्य है, लेकिन इन स्कूलों में बिना किसी प्रशिक्षण के ही पिछले तीन महीनों में 500 से अधिक प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए.गौरतलब है कि मोटर ड्राइविंग स्कूलों के लिए जीपीएस युक्त वाहन, प्रशिक्षित स्टाफ और प्रशिक्षण का रिकॉर्ड रखना अनिवार्य होता है, लेकिन निरीक्षण में ये सभी मानक पूरी तरह गायब मिले. इसके बावजूद बड़े पैमाने पर प्रमाण पत्र जारी किए जा रहे थे, जिससे सड़क सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है.     

राजस्थान में हैवी ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में गंभीर खामियां हैं, जबकि हरियाणा जैसे राज्यों में यह प्रक्रिया बेहद सख्त और पारदर्शी है. यही कारण है कि पिछले कुछ वर्षों में बड़ी संख्या में लोग राजस्थान से ही हैवी लाइसेंस बनवा रहे हैं.परिवहन विभाग का मानना है कि बायोमैट्रिक सत्यापन और ड्राइविंग टेस्ट के वीडियो को सारथी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने से इस तरह के फर्जीवाड़े पर रोक लगाई जा सकती है.कार्रवाई के तहत सभी संबंधित मोटर ड्राइविंग स्कूलों को निलंबन के नोटिस जारी कर दिए गए हैं. उन्हें सात दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लाइसेंस निलंबित कर दिए जाएंगे और अब तक जारी किए गए प्रमाण पत्र भी निरस्त किए जा सकते हैं.इस सख्त कार्रवाई के बाद प्रदेशभर के मोटर ड्राइविंग स्कूलों में हड़कंप मच गया है. परिवहन विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि नियमों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अब जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं.