VIDEO: मणिशंकर अय्यर बयानबाजी मामला, जांच कमेटी की जल्द आएगी रिपोर्ट, बीजेपी युवा मोर्चा की मांग आयोजकों पर हो कठोर एक्शन, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता मणिशंकर अय्यर के पीएम को लेकर बयानबाजी मामले में युवा मोर्चा ने आयोजकों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की है. इस मामले में कानोड़िया कॉलेज प्रशासन ने जांच कमेटी भी बनाई है. जिसे तीन कार्यदिवस में अपनी रिपोर्ट देनी है. हालांकि पूरे मामले पर बीजेपी संगठन अपनी सरकार से कड़ी कार्रवाई चाहता है आयोजकों के खिलाफ.

देश में अभिव्यक्ति की आजादी है इसका फायदा उठाते हुए कई बार बयानवीर अशोभनीय बोल जाते है. नतीजा वातावरण दूषित होता है. कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता मणिशंकर अय्यर भी ऐसे ही है जिनके बयान उनकी खुद की पार्टी पर कई बार भारी पड़ चुके. जयपुर में कानोड़िया कॉलेज में एक कार्यक्रम में बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर मणिशंकर अय्यर ने आपत्तिजनक बयान दिया था इस घटनाक्रम के बाद बीजेपी के हरावल दस्ते युवा मोर्चा ने प्रदर्शन किया और पुतला फूंका..भजन लाल सरकार एक्शन में आई और कॉलेज शिक्षा निदेशालय ने जांच समिति का ऐलान कर दिया. समिति की रिपोर्ट जल्द आने वाली है इससे पहले ही बीजेपी युवा मोर्चा ने कहा है कि आयोजकों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए जिससे वे फिर से ऐसे कार्यक्रम करने की सोचे नहीं, कैंपस और कॉलेजों में विवादित भाषा बोलने वालो को नहीं आमंत्रित करना चाहिए.

पूरे घटनाक्रम को लेकर कॉलेज शिक्षा निदेशालय ने जांच बनाई है  प्रो. अनिल खण्डेलवाल, प्रो. आर.एस. राठौर, आचार्य राजकीय महाविद्यालय, प्रो. आर.एस. मीना, प्रो. आलोक श्रीवास्तव और प्रो. समीर पालीवाल को जांच कमेटी का सदस्य बनाया है. बीजेपी नेता, राजस्थान विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष और RU सीनेट के आजीवन सीनेटर अखिल शुक्ला ने जांच कमेटी बनाने की मांग की थी.

बहरहाल जांच कमेटी का तीखा एक्शन तय है. संगठक कॉलेजों और सरकारी महाविद्यालयों में ऐसे किसी भी आयोजन से पहले अनुमति लेना आवश्यक किया जाएगा. साथ ही आयोजकों को लेकर भी कठोर एक्शन की बात भी सामने आ रही.