नई दिल्ली: पेपर लीक के आरोपों के चलते NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द की गई. NTA के DG अभिषेक सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि 7 से 10 दिन में परीक्षा की नई तारीख की घोषणा की जाएगी. बच्चों से फीस नहीं ली जाएगी. पूरा पेपरलीक नहीं हुआ, कुछ सवाल लीक हुए है.
अभिषेक सिंह ने कहा कि 3 मई को परीक्षा सुचारू रूप से हुई थी. हमने यह मामला CBI को सौंप दिया है. सभी आरोपियों को पकड़ा जाएगा और जेल भेजा जाएगा. ताकि छात्रों के भविष्य पर कोई बुरा असर न पड़े. अभिषेक सिंह ने कहा कि हम दोबारा परीक्षा के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लेंगे. साथ ही पहली परीक्षा में लिया गया शुल्क भी वापस कर देंगे.
NTA के DG अभिषेक सिंह ने कहा कि 7 मई की रात को, हमें एक व्हिसलब्लोअर के ज़रिए जानकारी मिली कि परीक्षा होने से पहले, उस व्यक्ति को एक WhatsApp मैसेज मिला था. जिसमें कुछ सवाल परीक्षा में आए सवालों से हूबहू मेल खा रहे थे. हमारा काम इन आरोपों की पुष्टि करना था और यह भी पता लगाना था कि क्या वे PDF 3 मई - यानी परीक्षा के दिन से पहले किसी के पास उपलब्ध थे.
जांच करने पर पता चला कि कुछ सवाल हमारे प्रश्न पत्र से मेल खाते थे. यह भी पता चला कि 1 और 2 मई को, वह PDF कुछ लोगों के फोन पर उपलब्ध था. यह हमारी 'ज़ीरो टॉलरेंस' नीति के खिलाफ था. इससे उन छात्रों के भविष्य पर बुरा असर पड़ सकता था, जो परीक्षा के लिए कड़ी मेहनत कर रहे थे. इसलिए, उनके हित में, हमने यह कदम उठाया.