जयपुर: राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया दफ्तर बनाने का सपना अब पूरा होने जा रहा है. पीसीसी का नया प्रदेश कार्यालय जयपुर के मानसरोवर क्षेत्र में तेजी से आकार लेने लगा है. ‘इंदिरा भवन’ नाम से बन रहे इस बहुमंजिला कार्यालय का काम अब गति पकड़ चुका है और आने वाले समय में यह प्रदेश की राजनीति का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनने जा रहा है.
आखिरकार पीसीसी के नए दफ्तर का अब गति पकड़ गया है. अभी तक प्रदेश् कांग्रेस की गतिविधियां चांदपोल स्थिति पुराने इंदिरा भवन से ही चल रही है, लेकिन जगह की कमी और ट्रैफिक की समस्या के चलते पीसीसी को नए व भव्य दफ्तर की जरूरत महसूस हुई. नए भवन का शिलान्यास 23 सितम्बर 2023 को किया गया था, लेकिन शुरुआती दौर में बजट की कमी के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका. लंबे इंतजार के बाद अब पार्टी नेताओं और सहयोगियों के आर्थिक योगदान से परियोजना को गति मिली है. बजट की व्यवस्था होते ही निर्माण कार्य दोबारा शुरू किया गया और अब यह प्रोजेक्ट जमीन से उठकर स्पष्ट रूप लेने लगा है.
मानसरोवर के शिप्रा पथ पर लगभग 6000 वर्ग मीटर भूमि पर यह नया कार्यालय बनाया जा रहा है. करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली इस इमारत को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा. भवन में पार्टी के प्रशासनिक कार्यों के लिए अलग-अलग कक्ष, बैठक हॉल, प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए विशेष व्यवस्था और कार्यकर्ताओं के लिए सुविधाजनक स्थान विकसित किए जाएंगे. पार्टी नेताओं का कहना है कि यह भवन न केवल संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती देगा, बल्कि कार्यकर्ताओं के लिए एक सशक्त केंद्र के रूप में भी कार्य करेगा. वर्तमान में पार्टी का प्रदेश कार्यालय सीमित संसाधनों के साथ संचालित हो रहा है, ऐसे में नए भवन के बनने से संगठनात्मक कार्यों में गति आने की उम्मीद है.
नया कांग्रेस भवन दो बेसमेंट और तीन मंजिलों सहित कुल पांच मंजिला होगा. इसमें प्रदेश कांग्रेस की मुख्य टीम के साथ-साथ अन्य संबद्ध संगठनों के कार्यालय भी संचालित किए जाएंगे. इसमें आधुनिक पार्किंग, कॉन्फ्रेंस हॉल और कैंटीन जैसी सुविधाएं भी शामिल होंगी. निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, यदि काम इसी गति से चलता रहा तो इंदिरा भवन तय समय से पहले भी तैयार हो सकता है. आधुनिक डिजाइन और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ यह भवन जयपुर में कांग्रेस की पहचान को और मजबूत करेगा.
कुल मिलाकर, लंबे समय से प्रतीक्षित इस परियोजना के धरातल पर उतरने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है और वे इसे संगठन के नए दौर की शुरुआत के रूप में देख रहे हैं. सपना तो दिखाया गया कि इस नए भवन को काफी हाईटेक बनाया जा रहा है. नए कार्यालय में तमाम तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. इसका निर्माण आधुनिक शैली में किया जाएगा. इसमें पीसीसी चीफ और सीएलपी लीडर के अलग अलग कक्ष बनाए जाएंगे. पीसीसी दफ्तर के साथ ही अब जिला कांग्रेस कमेटियों ने भी अपने अपने दफ्तर के लिए जमीने तलाशनी शुरू कर दी हैं.