नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का असम दौरे पर हैं. यहां उन्होंने कलियाबोर में 2 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई. गुवाहाटी (कामाख्या)-रोहतक अमृत भारत एक्सप्रेस और डिब्रूगढ़-लखनऊ (गोमती नगर) अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई.
विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पिछले वर्ष मैं झुमोइर महोत्सव में भी शामिल हुआ था. इस बार मुझे माघ बिहू के अवसर पर आने का मौका मिला है. एक महीने पहले मैं विकास परियोजनाओं के लिए यहां आया था. ऐसे सभी अवसरों ने भाजपा सरकार के, ‘विकास भी विरासत भी’ इस मंत्र को और मजबूत किया है. 2 वर्ष पहले काजीरंगा में बिताए गए पल मेरे जीवन के बहुत खास अनुभवों में शामिल हैं.
मुझे काजीरंगा नेशनल पार्क में रात्रि विश्राम करने का अवसर मिला था. और अगली सुबह एलिफेंट सफारी के दौरान मैंने इस क्षेत्र की सुंदरता को बहुत करीबी से महसूस किया. मुझे हमेशा असम आकर एक अलग ही खुशी मिलती है. ये धरती वीरों की धरती है, हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने वाले बेटे-बेटियों की धरती है.