जयपुरः कांग्रेस ने रसोई गैस की बढ़ी कीमतों औऱ किल्लत को लेकर अब सरकार के खिलाफ हल्ला बोल दिया है. कांग्रेस ने सदन से लेकर सड़क तक प्रदर्शन शुरु कर दिए है. राजस्थान कांग्रेस ने भी अगले दो दिन धरने और प्रदर्शन करने का फैसला लिया है. 12 और 13 मार्च को तमाम जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन औऱ पुतले दहन किए जाएंगे.
मिडिल ईस्ट में जारी जंग का असर अब भारत में आम जनता पर भी होने लगा है. रसोई गैस सप्लाई बाधित होने से घरेलू सिलेंडर के दाम 60 रुपए बढ़ाए जा चुके हैं और कई जगह सिलेंडर सप्लाई सिस्टम भी प्रभावित होने लगा है. गैस एजेंसियों के आगे लंबी लंबी कतार लगना शुरू हो चुकी है.ऐसे में जनहित के मुद्दे को देखते हुए कांग्रेस ने आंदोलन का आगाज कर दिया है. कांग्रेस हाईकमान ने इस मुद्दे पर सदन से लेकर सड़क तक जोरदार प्रदर्शन करने की रणनीति बनाई है. राजधानी जयपुर में तो कांग्रेस ने आज प्रदर्शन भी शुरु कर दिया है. अभाव अभियोग प्रकोष्ठ ने सड़क पर चूल्हे जलाकर और उस पर रोटियां सेकते हुए अनोखा प्रदर्शन किया.
वहीं आलाकमान के निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी विरोध औऱ प्रदर्शन का शेड्यूल जारी कर दिया है. अगले दो दिन जिला मुख्यालयों पर धरने,प्रदर्शन औऱ पुतले दहन के निर्देश पीसीसी ने तमाम जिला कांग्रेस कमेटियों को दिए है. 12 और 13 मार्च का तमाम मुख्यालयों पर ये प्रदर्शन किए जाएंगे. प्रदर्शन में कांग्रेस ने तमाम विधायकों,सांसदों औऱ वरिष्ठ नेताओं को भी शामिल होने के साफ निर्देश दिए हैं. जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन के बाद कांग्रेस राजधानी जयपुर में बड़ा विरोध का कार्यक्रम भी प्लान कर रही है.
हालांकि केन्द्र सरकार ने गैस की कोई कमी नहीं होने का दावा किया है. लेकिन लोगों में सिलेंडर के लिए फिर भी मारामारी मची हुई है. ऐसे में कांग्रेस ने जनहित के मुद्दे को देखते हुए आंदोलन की सियासत तेज कर दी है. कांग्रेस रणनीतिकारों का मानना है कि गैस का मुद्दा आमजन से सीधे जुड़ा हुआ है लिहाजा आंदोलन के जरिए इसको भुनाने से पीछे नहीं हटना चाहिए.
रसोई गैस सिलेंडर को लेकर अब सियासत हुई तेज
कांग्रेस ने किया आंदोलन शुरू करने का फैसला
सदन से लेकर सड़क तक कांग्रेस करेगी विरोध
जयपुर में सड़कों पर चूल्हा जलाकर जताया विरोध
तमाम जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस करेगी अब प्रदर्शन शुरु
12 और 13 मार्च को जिला कांग्रेस कमेटियां करेगी विरोध