शिमला से भी ठंडे हुए राजस्थान के माउंट आबू और चूरू, 14 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे; माउंट आबू में 3 डिग्री पर ठिठुरा प्रदेश

उत्तर भारत में सर्दी का असर लगातार तेज होता जा रहा है. उत्तर दिशा से आ रही सर्द हवाओं ने राजस्थान में भी ठिठुरन बढ़ा दी है. प्रदेश के अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. हालात यह हैं कि राजस्थान के 14 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है. पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा.
विस्तार में

जयपुर: उत्तर भारत में सर्दी का असर लगातार तेज होता जा रहा है. उत्तर दिशा से आ रही सर्द हवाओं ने राजस्थान में भी ठिठुरन बढ़ा दी है. प्रदेश के अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. हालात यह हैं कि राजस्थान के 14 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है. पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा.

राजस्थान के कई शहरों में सर्दी का असर अब साफ नजर आने लगा है. सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री और चूरू में 7.9 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं अजमेर में पारा 5.2 डिग्री और नागौर में 5.6 डिग्री तक पहुंच गया. सीकर में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री तथा पिलानी में 7.9 डिग्री दर्ज किया गया. तापमान के इन आंकड़ों के चलते माउंट आबू और चूरू में शिमला से भी ज्यादा ठंड महसूस की गई.

जयपुर में सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा तापमान:
राजधानी जयपुर में फिलहाल अन्य कई शहरों के मुकाबले रात का तापमान अधिक बना हुआ है. यहां न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री ज्यादा है. हालांकि सुबह और शाम के समय चलने वाली ठंडी हवाओं से राजधानी में भी सर्दी का अहसास बढ़ने लगा है.

अगले एक सप्ताह तक साफ रहेगा मौसम, रात में बढ़ेगी ठंड:
मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने की संभावना है. इस दौरान रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है. सुबह और शाम के समय सर्दी का असर बढ़ेगा, जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिलेगी.