
जयपुरः पंचायत चुनाव परिणामों के बाद बीजेपी में चिंतन मंथन का सिलसिला शुरू हो गया. आज बीजेपी प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया ने जयपुर में सत्ता संगठन नेतृत्व से मिलकर फीडबैक लिया. सह प्रभारी कुलजीत सिंह चहल और कविता पाटीदार भी समीक्षा बैठकों में शामिल हुए. संजय भाटिया ने साफगोई के साथ कहा मेरा मानना है कि परमात्मा ने हमें सतर्क किया है. कई बार शरीर में कोई बड़ी बीमारी आने से पहले संकेत मिलने लगते हैं. यदि समय रहते उन संकेतों को समझकर इलाज कर लिया जाए तो आगे स्वस्थ रहा जा सकता है. इसी तरह चुनाव परिणाम ने भी पार्टी को अपनी कमियों को पहचानने और उन्हें दुरुस्त करने का अवसर दिया है, कुछ जीत से हम मस्त हो गए थे.
निकाय चुनावों के बाद बीजेपी को गांवों से ऐसे नतीजो की उम्मीद नहीं थी. बेहद निराशाजनक परिणामों ने केंद्रीय नेतृत्व को भी चिंता में डालने के लिए मजबूर किया. प्रभारियों को निर्देश मिले कि जयपुर जाकर परिणाम की समीक्षा करे और फीडबैक ले. इसी सिलसिले में बीजेपी प्रभारी संजय भाटिया, सह प्रभारी कुलजीत सिंह चहल और कविता पाटीदार ने राजस्थान का रूख किया. इन्होंने नतीजों को लेकर सीएम भजन लाल शर्मा के साथ बातचीत की. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और संगठन महामंत्री अजेय कुमार के साथ बैठकों का दौर चला. अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाने के बाद बीजेपी ने हार के कारणों की पड़ताल शुरू की. बीजेपी प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया ने सधे शब्दों में अपनी बात कह दी. हार को सकारात्मक नजरिए से देखने की बात कहते हुए संजय भाटिया ने कहा कि मेरा मानना है कि परमात्मा ने हमें सतर्क किया है. कई बार शरीर में कोई बड़ी बीमारी आने से पहले संकेत मिलने लगते हैं. यदि समय रहते उन संकेतों को समझकर इलाज कर लिया जाए तो आगे स्वस्थ रहा जा सकता है. इसी तरह चुनाव परिणाम ने भी पार्टी को अपनी कमियों को पहचानने और उन्हें दुरुस्त करने का अवसर दिया है. उन्होंने स्वीकार किया कि लगातार जीत के बाद संगठन में कुछ स्तर पर अति आत्मविश्वास आ सकता है. कार्यकर्ता और नेता जीत से मस्त हो जाते हैं, जिससे लापरवाही की गुंजाइश पैदा होती है. यदि इस चुनाव में पार्टी के भीतर ऐसा कुछ हुआ है तो उसका आकलन किया जाएगा. भाटिया ने कहा कि वह किसी तरह का राजनीतिक बयान नहीं दे रहे, बल्कि अपने मन की बात कह रहे हैं. पार्टी को जहां भी सुधार की जरूरत होगी, वहां पूरी ईमानदारी से प्रयास किया जाएगा.
-- पंचायत चुनाव पराजय - संजय भाटिया का बयान --
संजय भाटिया के बयान के मायने
बयान से जुड़ी प्रमुख बातें
..हार से निराशा होने के बजाए जागने का समय
.. पंचायत चुनाव परिणाम "अलार्म "
.. अब विस्तार के साथ चीज़ों को दुरुस्त करेंगे
..अब अति आत्मविश्वास और मस्त रहने के बजाए आगे बढ़ना
..अगला विधानसभा चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत एकजुटता से लगना होगा
.. परिणाम का दोष किसको क्यों दे निचले स्तर यूं कहे जिला स्तर से मिला फीडबैक बड़ा कारण
..दोष के दायरे में स्थानीय जन प्रतिनिधि और बड़े प्रभावी नेता
..जिन्होंने टिकट वितरण में अपनी पूरी चलाई
... संगठन के नेताओं की भूमिका जो नहीं पढ़ पाए गांवों में चल रही सियासी हवा को
RLP के जीते उम्मीदवारों को बधाई देने के साथ ही संजय भाटिया ने कांग्रेस को कटघरे में खड़ा किया. उन्होंने कहा कि पूरे चुनाव के दौरान कांग्रेस कहीं नजर नहीं आई. कांग्रेस के बड़े नेता भी चुनाव प्रचार में सक्रिय दिखाई नहीं दिए. उन्होंने मीडिया से भी सवाल किया कि क्या कांग्रेस के किसी बड़े नेता का ऐसा कार्यक्रम दिखाई दिया, जिसमें उन्होंने किसी वार्ड या क्षेत्र में जाकर पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार किया हो. भाटिया ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद अब कांग्रेस के कई नेता जीत का श्रेय लेने के लिए सामने आ रहे हैं और बयानबाजी कर रहे हैं. हालांकि उन्होंने कांग्रेस के नेताओं पर ज्यादा टिप्पणी करने से बचते हुए कहा कि पार्टी अपने परिणामों की समीक्षा खुद करेगी. उन्होंने दोहराया कि बीजेपी के सिंबल पर जितने उम्मीदवार जीतकर आने चाहिए थे, उतने नहीं आ पाए.