नशे के खिलाफ जंग, ANTF के हाथ खाली ! दो दर्जन पुलिसकर्मी हटे... नफरी का इंतजार ! देखिए खास रिपोर्ट

प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए सरकार और पुलिस महकमा भले ही बड़े-बड़े दावे कर रहा हो, लेकिन नशे के खिलाफ कार्रवाई करने वाली पुलिस की सबसे अहम इकाई एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की जमीनी स्थिति इन दावों के सामने कई सवाल खड़े कर रही है. हाल ही में पुलिस मुख्यालय की ओर से ANTF में तैनात करीब दो दर्जन पुलिसकर्मियों का अटैचमेंट समाप्त कर उन्हें वहां से हटा दिया गया. लेकिन हैरानी की बात यह है कि इन पुलिसकर्मियों के हटने के बाद
विस्तार में

जयपुरः प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए सरकार और पुलिस महकमा भले ही बड़े-बड़े दावे कर रहा हो, लेकिन नशे के खिलाफ कार्रवाई करने वाली पुलिस की सबसे अहम इकाई एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की जमीनी स्थिति इन दावों के सामने कई सवाल खड़े कर रही है. हाल ही में पुलिस मुख्यालय की ओर से ANTF में तैनात करीब दो दर्जन पुलिसकर्मियों का अटैचमेंट समाप्त कर उन्हें वहां से हटा दिया गया. लेकिन हैरानी की बात यह है कि इन पुलिसकर्मियों के हटने के बाद अब तक उनकी जगह नए पुलिसकर्मियों की तैनाती नहीं की गई है. ऐसे में पहले से ही कर्मचारियों की कमी से जूझ रही ANTF के सामने अब नशे के खिलाफ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने की चुनौती और बढ़ गई है.

दरअसल, प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ANTF की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है. यह इकाई नशे के नेटवर्क की पहचान करने, तस्करों तक पहुंचने, मादक पदार्थों की आपूर्ति शृंखला तोड़ने और संगठित तस्करी के मामलों में कार्रवाई करने जैसे महत्वपूर्ण काम करती है. इसके लिए पुलिसकर्मियों की पर्याप्त संख्या के साथ ही मजबूत खुफिया तंत्र और लगातार फील्ड में सक्रियता जरूरी है. लेकिन मौजूदा हालात में संसाधनों और नफरी की कमी इस इकाई की कार्यक्षमता को प्रभावित कर सकती है.पुलिस मुख्यालय ने हाल ही में ANTF में विभिन्न स्थानों से अटैच किए गए करीब दो दर्जन पुलिसकर्मियों का अटैचमेंट समाप्त करने का फैसला किया था. इसके बाद ये पुलिसकर्मी ANTF से हट गए. सामान्य तौर पर किसी विशेष इकाई से इतनी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को हटाने के बाद उनके स्थान पर नई नफरी उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि अभियान की गति प्रभावित नहीं हो. लेकिन यहां स्थिति उलट नजर आ रही है. दो दर्जन पुलिसकर्मियों के हटने के बाद भी उनकी जगह नए कार्मिकों की तैनाती नहीं हो पाई है.

ANTF पहले से ही पर्याप्त पुलिसकर्मियों की कमी का सामना कर रही थी. ऐसे में एक साथ करीब दो दर्जन पुलिसकर्मियों के हटने से उसकी कार्यक्षमता पर अतिरिक्त दबाव पड़ना स्वाभाविक है. नशे के खिलाफ कार्रवाई केवल छापेमारी तक सीमित नहीं होती, बल्कि इसके लिए लंबे समय तक सूचनाएं जुटाना, संदिग्ध नेटवर्क पर निगरानी रखना, तस्करों की गतिविधियों का विश्लेषण करना और अलग-अलग जिलों में समन्वय के साथ कार्रवाई करनी पड़ती है. इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की जरूरत होती है.एक तरफ प्रदेश में नशे के खिलाफ अभियान को मिशन मोड में चलाने और नशा मुक्त राजस्थान का लक्ष्य हासिल करने की बात कही जा रही है, वहीं दूसरी तरफ इस मिशन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालने वाली इकाई ही कर्मचारियों की कमी से जूझ रही है. सवाल यह भी है कि जब ANTF के पास पर्याप्त पुलिसकर्मी ही नहीं होंगे तो प्रदेशभर में सक्रिय नशा तस्करों के नेटवर्क पर प्रभावी निगरानी कैसे रखी जाएगी? क्या सीमित संसाधनों के भरोसे नशे के संगठित कारोबार को जड़ से खत्म करना संभव होगा? अब सबसे बड़ा सवाल पुलिस मुख्यालय की कार्ययोजना को लेकर है. आखिर ANTF से दो दर्जन पुलिसकर्मियों का अटैचमेंट समाप्त करने के बाद उनकी जगह नई नफरी उपलब्ध कराने में देरी क्यों हो रही है? क्या पुलिस मुख्यालय इस कमी को दूर करने के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था करेगा? क्योंकि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल घोषणाओं और अभियानों से नहीं, बल्कि मजबूत पुलिस बल और पर्याप्त संसाधनों से ही जीती जा सकती है. ऐसे में ANTF को जल्द नई नफरी उपलब्ध कराना जरूरी है, अन्यथा नशा मुक्त राजस्थान का मिशन अपेक्षित गति हासिल करने में पिछड़ सकता है.