VIDEO: 37 जिलों में कल सजेगी सत्ता की बिसात! बहुमत के बावजूद कांग्रेस को अपनों की चिंता, BJP पर हॉर्स ट्रेडिंग के आरोप

राजस्थान में कल जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए सियासी घमासान होने जा रहा है. 37 जिलों में होने वाले जिला प्रमुख चुनाव से पहले कांग्रेस और बीजेपी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. आंकड़ों की बात करें तो 37 में से 23 जिला परिषदों में कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत है, जबकि बीजेपी सिर्फ 5 जिलों में बहुमत के साथ है. लेकिन बहुमत के आंकड़ों के बावजूद कांग्रेस को अपने सदस्यों की घेराबंदी करनी पड़ रही है. कांग्रेस ने बीजेपी पर हॉर्स ट्रेडिंग, प्रलोभन और पुलिस-प्रशासन के दुरुपयोग के आरोप लगाए हैं. अब सवाल ये है कि क्या कांग्रेस अपने बहुमत को जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचा पाएगी?
विस्तार में

जयपुर: राजस्थान में कल जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए सियासी घमासान होने जा रहा है. 37 जिलों में होने वाले जिला प्रमुख चुनाव से पहले कांग्रेस और बीजेपी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. आंकड़ों की बात करें तो 37 में से 23 जिला परिषदों में कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत है, जबकि बीजेपी सिर्फ 5 जिलों में बहुमत के साथ है. लेकिन बहुमत के आंकड़ों के बावजूद कांग्रेस को अपने सदस्यों की घेराबंदी करनी पड़ रही है. कांग्रेस ने बीजेपी पर हॉर्स ट्रेडिंग, प्रलोभन और पुलिस-प्रशासन के दुरुपयोग के आरोप लगाए हैं. अब सवाल ये है कि क्या कांग्रेस अपने बहुमत को जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचा पाएगी? 

राजस्थान में जिला प्रमुख की कुर्सी. और उसके लिए सियासी शह-मात का खेल. कल प्रदेश के 37 जिलों में जिला प्रमुख के चुनाव होंगे. आंकड़े कांग्रेस के पक्ष में नजर आ रहे हैं. 37 में से 23 जिला परिषदों में कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत है. जबकि बीजेपी महज 5 जिलों में बहुमत के आंकड़े तक पहुंच पाई है. नागौर में आरएलपी के पास बहुमत है. वहीं 8 जिले ऐसे हैं, जहां किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला. यहां पर निर्दलीयों की भूमिका सबसे अहम रहेगी. लेकिन कांग्रेस के लिए चुनौती सिर्फ चुनाव जीतने की नहीं, बल्कि अपने जीते हुए सदस्यों को एकजुट रखने की भी है. कांग्रेस ने बीजेपी पर जिला प्रमुख चुनाव में हॉर्स ट्रेडिंग और सदस्यों को प्रलोभन देने के आरोप लगाए हैं. पार्टी का आरोप है कि पुलिस और प्रशासन का इस्तेमाल करके जिला परिषद सदस्यों पर दबाव बनाया जा रहा है. भरतपुर में तीन जिला परिषद सदस्यों को उठा ले जाने का आरोप भी कांग्रेस ने लगाया है.

कांग्रेस ने जिला प्रमुख के चेहरे तय करने की जिम्मेदारी सांसदों और जिला अध्यक्षों को सौंपी है. जिला स्तर पर दोनों मिलकर नाम पर सहमति बनाएंगे. इस प्रक्रिया में संबंधित विधायकों की राय भी ली जाएगी. पार्टी की कोशिश है कि उम्मीदवार चयन में स्थानीय समीकरणों और सभी जनप्रतिनिधियों की राय को शामिल किया जाए. देर रात तक नामों पर तस्वीर साफ हो सकती है. हालांकि ऐन वक्त पर भी उम्मीदवारों का ऐलान संभव है. इन चुनावों में जोड़ तोड़ की गुंजाइश इसलिए भी ज्यादा रहती है, क्योंकि पंचायतीराज चुनाव में दल-बदल विरोधी कानून और पार्टी व्हिप लागू नहीं होता. सदस्य दूसरी पार्टी के पक्ष में मतदान कर सकते हैं और ऐसा करने पर उनकी सदस्यता भी खत्म नहीं होती. यही वजह है कि स्पष्ट बहुमत के बावजूद पार्टियों को अपने सदस्यों को एकजुट रखने की चुनौती का सामना करना पड़ता है. परिणामों पर नज़र डालें तो

--- कांग्रेस को 23 जिलों में मिला है बहुमत ---
-अलवर, बाड़मेर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बीकानेर
-बूंदी, चित्तौड़गढ़, चूरू, दौसा, धौलपुर, हनुमानगढ़,
-जयपुर, जैसलमेर, जालोर, झुंझुनूं, जोधपुर,
-कोटपूतली-बहरोड़, फलोदी, राजसमंद, सवाई माधोपुर
-सीकर, सिरोही व टोंक में मिला है कांग्रेस को बहुमत
-भाजपा को 5 जिले अजमेर, ब्यावर, झालावाड़
-पाली व उदयपुर में बहुमत मिला है
-नागौर में आरएलपी के पास प्रमुख बनाने का बहुमत
-8 जिले बालोतरा, बांसवाड़ा, डीडवाना-कुचामन,
-डीग, डूंगरपुर, खैरथल-तिजारा, प्रतापगढ़ और
-सलूंबर में किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला
-आठ जिलों में निर्दलीय व अन्य दलों की भूमिका रहेगी

चुनाव की प्रक्रिया भी तय हो चुकी है. कल सुबह 10 बजे जिला परिषद सदस्यों की बैठक होगी. 11 बजे तक नामांकन दाखिल होंगे. 11 बजकर 30 मिनट से नामांकन पत्रों की जांच होगी. दोपहर 1 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे. इसके बाद चुनाव चिन्ह आवंटित होंगे. दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा और मतदान के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे.