
नई दिल्ली: पंजाब की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने एक बार फिर हाथ मिला लिया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों दलों के गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया. इस दौरान भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल भी मौजूद रहे.
अमित शाह ने घोषणा की कि भाजपा और अकाली दल आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे. उन्होंने बताया कि अकाली दल अब NDA के आधिकारिक सहयोगी के रूप में काम करेगा. शाह ने सुखबीर सिंह बादल और अकाली दल के सभी नेताओं का NDA में गर्मजोशी से स्वागत किया.
'बादल साहब की पार्टी के बिना NDA अधूरा था':
अमित शाह ने कहा कि बादल साहब के नेतृत्व में अकाली दल भाजपा का सबसे पुराना सहयोगी रहा है. दोनों दलों ने मिलकर कई चुनाव लड़े हैं और जीत-हार दोनों का सामना किया है, लेकिन उनके बीच संबंध हमेशा मजबूत रहे हैं. उन्होंने कहा कि पुराने राजनीतिक रिश्ते को फिर से शुरू करने की उन्हें बेहद खुशी है.
शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि NDA के विस्तार को लेकर बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने सुखबीर सिंह बादल और भाजपा अध्यक्ष से भी बात की थी. प्रधानमंत्री ने कहा था कि बादल साहब की पार्टी के बिना NDA अधूरा था.
'
हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बनेगा गठबंधन':
अमित शाह ने कहा कि भाजपा और अकाली दल का यह गठबंधन पंजाब ही नहीं, बल्कि पूरे देश और दुनिया में हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बनेगा. दोनों पार्टियां मिलकर इस भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में काम करेंगी.
नशामुक्त पंजाब और भ्रष्टाचार खत्म करना प्राथमिकता:
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमित शाह ने पंजाब के लिए गठबंधन की प्राथमिकताएं भी गिनाईं. उन्होंने कहा कि पंजाब से नशे की समस्या को खत्म करना उनका मुख्य उद्देश्य होगा. इसके साथ ही राज्य से भ्रष्टाचार मिटाना और राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत करना भी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा.
चुनाव से पहले साझा घोषणापत्र जारी करेंगे दोनों दल:
अमित शाह ने बताया कि भाजपा और अकाली दल आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत पंजाब के लिए संयुक्त घोषणापत्र जारी करेंगे. इसमें राज्य के अहम मुद्दों को शामिल किया जाएगा.