
जयपुर: राजस्थान में जिला प्रमुखों के चुनाव को लेकर आज प्रदेशभर में सियासी घमासान देखने को मिलेगा. प्रदेश की 37 जिला परिषदों में आज जिला प्रमुख पद के लिए चुनाव होगा. भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है. बहुमत के आंकड़ों के बीच कई जिलों में जोड़-तोड़ और राजनीतिक समीकरणों का दौर तेज हो गया है.
चुनावी आंकड़ों पर नजर डालें तो भाजपा को 5 जिला परिषदों में बहुमत मिला है, जबकि कांग्रेस 23 जिला परिषदों में बहुमत की स्थिति में है. वहीं 9 जिला परिषदों में अन्य के भरोसे जिला प्रमुख का चुनाव होगा. नागौर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) को स्पष्ट बहुमत मिला है. इसके अलावा 8 जिलों में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है. ऐसे में इन जिलों में निर्दलीय प्रत्याशियों की भूमिका निर्णायक रहने वाली है.
भाजपा ने नहीं खोले पत्ते, कांग्रेस की भी नजरें चुनाव पर:
जिला प्रमुखों के चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं. भाजपा ने देर रात तक अपने किसी भी प्रत्याशी के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की. ऐसे में चुनाव से पहले दोनों प्रमुख दलों की रणनीति और प्रत्याशियों को लेकर चर्चाएं जारी हैं. खासकर उन जिलों में मुकाबला दिलचस्प रहने की संभावना है, जहां किसी भी दल के पास स्पष्ट बहुमत नहीं है.
यह रहेगा चुनाव का पूरा कार्यक्रम:
जिला प्रमुख पद के चुनाव के लिए सुबह 10 बजे जिला परिषदों की बैठक शुरू होगी. सुबह 11 बजे तक उम्मीदवार अपने नामांकन दाखिल कर सकेंगे. इसके बाद दोपहर 1 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया होगी. यदि किसी पद पर एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में रहते हैं तो मतदान कराया जाएगा.
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा. मतदान पूरा होते ही मतगणना शुरू की जाएगी और इसके तुरंत बाद चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे.