VIDEO: बीकानेर-अहमदाबाद साबरमती एक्सप्रेस को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी, कहा- भाजपा देश को जोड़ने का काम करती

बीकानेर: बीकानेर को रेल कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात देते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज बीकानेर-अहमदाबाद साबरमती एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई. इससे पहले उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लिया और फिर मंच से राजस्थान में रेलवे के लिए चल रहे 76 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों का जिक्र किया. रेल मंत्री ने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा और कहा कि भाजपा राष्ट्र को जोड़ने का काम करती है जबकि कांग्रेस तोड़ने का. वैष्णव ने कहा बॉर्डर इलाके में रेल नेटवर्क बढ़ेगा.

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बीकानेर पहुंचे केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिन की शुरुआत योग से की. उनके साथ केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा , अन्य विधायक और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे. योग कार्यक्रम के बाद रेल मंत्री बीकानेर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने बीकानेर-अहमदाबाद साबरमती एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. नई रेल सेवा से बीकानेर और गुजरात के बीच सीधा रेल संपर्क मजबूत होगा और यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी. मंच से अपने संबोधन में  वैष्णव ने कहा “राजस्थान में 76 हजार करोड़ रुपये के रेल कार्य चल रहे हैं, नई पटरियां बनेंगी और राजस्थान का रेल नक्शा बदल जाएगा.अपने संबोधन में रेल मंत्री ने बीकानेर क्षेत्र में रेलवे के विस्तार की कई बड़ी घोषणाओं का जिक्र किया. 

उन्होंने मेड़ता-बीकानेर डबलिंग, रतनगढ़-बीकानेर-रेवाड़ी दोहरीकरण और नाल से पलाना तक रेल बाईपास परियोजना को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया. जब ये काम पूरे होंगे तो बीकानेर से 10 से 12 नई रेलगाड़ियां चलाने की क्षमता विकसित हो जाएगी. रेल मंत्री ने सीमा क्षेत्र में रेलवे नेटवर्क के विस्तार की भी बात कही. उन्होंने कहा कि बॉर्डर इलाकों में रेलवे का जाल बिछाने की दिशा में काम किया जाएगा, जो राष्ट्रीय सुरक्षा और विकास दोनों के लिए जरूरी है. कांग्रेस पर भी रेल मंत्री ने खूब निशाना साधा . उन्होंने कहा कि देश का विकास संकल्प शक्ति से होता है, जादू के ताश के पत्तों से नहीं. पूर्व मुख्यमंत्री का नाम लिए बिना तंज कसा.
मंच से रेल मंत्री ने केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल की जमकर तारीफ की और हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि अर्जुन मेघवाल एक रसगुल्ला और थोड़ी भुजिया खिलाकर भी नई ट्रेन मंजूर करवा लेते हैं. उन्होंने कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा की जानकारी और कार्यशैली की भी सराहना की. वहीं केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि बीकानेर के रेलवे विकास में रेल मंत्री की विशेष रुचि है. उन्होंने कोटगेट और सांखला फाटक जैसी समस्याओं के समाधान के लिए चल रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया. केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल ने भी रेल मंत्री की मंच से खूब तारीफ़ की मेघवाल ने तो मोदी जी के कार्यकाल में रेल मंत्रालय का काम सबसे शानदार बता दिया.

बीकानेर-अहमदाबाद रेल सेवा की शुरुआत के साथ रेलवे विकास को लेकर कई बड़े दावे और घोषणाएं भी सामने आई हैं. अब निगाहें उन परियोजनाओं पर हैं, जिनके पूरा होने के बाद बीकानेर की रेल कनेक्टिविटी को नई गति मिलने की उम्मीद है. साथ ही राजस्थान की रेल के नक्शे पर  तस्वीर बदलने के दावे की परीक्षा भी होगी .