जयपुर : राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र जारी है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बजट पर रिप्लाई कर रहे हैं. सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारा दृष्टिकोण टकराव का नहीं है. हमारा दृष्टिकोण समाधान का है. मैंने पहले दिन ही कहा था विपक्ष हमारी ताकत है. जनता पूरा आकलन करती है, उसका निचोड़ भी देती है. हम राजस्थान के हित के लिए काम कर रहे हैं.
सदन में उठाया कोई मुद्दा छोटा नहीं होता. प्रतिपक्ष के सदस्यों में सुनने की क्षमता नहीं है. विपक्ष में चुनौती स्वीकार करने की हिम्मत नहीं है. पूर्व मुख्यमंत्री सदन के बाहर ही ज्ञान देते हैं. सदन के बाहर बयानबाजी करना पूर्व मुख्यमंत्री को शोभा नहीं देता. पूर्व मुख्यमंत्री को सदन में आना ही अच्छा नहीं लगता. वह बस ट्विटर-ट्विटर खेलते हैं.
राजस्थान की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है:
प्रदेश की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है. हम जो लक्ष्य रखते हैं उसे पूरा करके ही दम लेते हैं. आंकड़ों से भागने से सच्चाई नहीं बदलती. हमने 34 से अधिक नीतियां बनाई और लागू की है. हम अग्रसर राजस्थान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. और हम गर्व से कहना चाहते है कि 2047 तक एक विकसित राजस्थान बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं.
कांग्रेसी न किसान के पास गए, न गरीब के पास गए:
सीएम ने आगे कहा कि हमारी सरकार ने वित्तीय अनुशासन को प्राथमिकता दी. हम भविष्य की पीढ़ियों पर अनावश्यक बोझ नहीं डालेंगे. कांग्रेसी न किसान के पास गए, न गरीब के पास गए. 2047 तक प्रदेश को अग्रणी करके दिखाएंगे. बड़े आर्थिक सुधारों से परिणाम हमारे सामने है. प्रदेश के लोगों की आर्थिक ताकत बढ़ रही है.