
जयपुर: राजस्थान में पंचायत समिति प्रधान पद के चुनाव में दिलचस्प सियासी समीकरण देखने को मिल रहे हैं. प्रदेश की कई पंचायत समितियों में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुए हैं. दौसा की मनोहरपुर खेड़ला और भीलवाड़ा की बिजौलियां पंचायत समिति में भाजपा ने निर्विरोध जीत दर्ज की है. वहीं, जयपुर की शाहपुरा पंचायत समिति में कांग्रेस का परचम लहराया है.
मनोहरपुर खेड़ला में भाजपा की रागिनी जाटव बनीं प्रधान
दौसा के महवा में कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा के क्षेत्र की मनोहरपुर खेड़ला पंचायत समिति में भाजपा की रागिनी जाटव निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुई हैं. कांग्रेस के छह सदस्य होने के बावजूद पार्टी की ओर से प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल नहीं किया गया. मनोहरपुर कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा और विधायक राजेंद्र मीणा का पैतृक गांव है. क्षेत्र की अन्य तीन पंचायत समितियों में चुनाव प्रक्रिया जारी है.
बिजौलियां में कांग्रेस के पास बहुमत, फिर भी भाजपा का बना प्रधान
भीलवाड़ा की बिजौलियां पंचायत समिति में भाजपा के शिवराज सोयल निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुए हैं. खास बात यह है कि पंचायत समिति में कांग्रेस के पास बहुमत होने के बावजूद अनुसूचित जाति (SC) वर्ग का प्रत्याशी नहीं था. ऐसे में भाजपा के शिवराज सोयल ने प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किया और निर्विरोध निर्वाचित हुए.
लसाड़िया में भाजपा की हीरा देवी मीणा की निर्विरोध जीत
सलूंबर की लसाड़िया पंचायत समिति में भाजपा की हीरा देवी मीणा निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुई हैं. पंचायत समिति में भाजपा के 13 और कांग्रेस के दो सदस्य निर्वाचित हुए थे. प्रधान पद के लिए केवल भाजपा की ओर से हीरा देवी मीणा ने नामांकन दाखिल किया. हीरा देवी दिवंगत पूर्व विधायक गौतमलाल मीणा की पत्नी और भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री कन्हैयालाल मीणा की माता हैं.
कांग्रेस छोड़ भाजपा में आए ज्ञानेश शर्मा बने प्रधान
भरतपुर की रूपवास पंचायत समिति में ज्ञानेश शर्मा निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुए हैं. उन्होंने भाजपा की ओर से प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किया था. ज्ञानेश शर्मा कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं. उनके निर्विरोध निर्वाचन के बाद समर्थकों में खुशी का माहौल है.
डीग में कमलेश बरौली चौथ बनीं निर्विरोध प्रधान
डीग पंचायत समिति में कमलेश बरौली चौथ निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुई हैं. रिटर्निंग ऑफिसर अमित मीणा ने उनके निर्विरोध निर्वाचन की जानकारी दी.
शाहपुरा पंचायत समिति में कांग्रेस का परचम
जयपुर की शाहपुरा पंचायत समिति में कांग्रेस की संतरा देवी गुर्जर निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुई हैं. संतरा देवी के ससुर ग्राम पंचायत देवीपुरा के सरपंच रह चुके हैं. उनके निर्विरोध निर्वाचन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है. कार्यकर्ताओं ने विधायक मनीष यादव का आभार जताया है.
बाड़मेर में तीन प्रधान निर्विरोध निर्वाचित
बाड़मेर जिले की 17 पंचायत समितियों में से तीन में प्रधान का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है. शिव पंचायत समिति से निर्दलीय दीनदयाल कुमावत और रामसर से कांग्रेस की हसीना बानो प्रधान निर्वाचित हुई हैं. वहीं, बाड़मेर ग्रामीण पंचायत समिति में भाजपा ने अपना कोई प्रत्याशी नहीं उतारा है. बाड़मेर पंचायत समिति में भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं. शेष पंचायत समितियों में जहां मुकाबला है, वहां दोपहर तीन बजे से मतदान शुरू होगा.