राजस्थान में आज तय होगी गांवों की सरकार! प्रधान की कुर्सी के लिए कांग्रेस-भाजपा में आर-पार की जंग, बाड़ेबंदी से निकलकर वोट डालेंगे सदस्य

राजस्थान में पंचायत समिति चुनाव के नतीजों के बाद अब ग्रामीण सत्ता की सबसे बड़ी तस्वीर शुक्रवार को साफ होने जा रही है. प्रदेशभर की पंचायत समितियों में आज प्रधान पद के लिए चुनाव होगा. प्रधान की कुर्सी पर कब्जा जमाने के लिए कांग्रेस और भाजपा ने पूरी ताकत लगा दी है. चुनाव परिणामों में कांग्रेस ने भाजपा के मुकाबले बढ़त बनाई है, ऐसे में आज का निर्वाचन दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है. कई जगह स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद प्रत्याशियों की सक्रियता और राजनीतिक समीकरणों पर सबकी नजर रहेगी, जबकि त्रिशंकु पंचायत समितियों में निर्दलीय और छोटे दलों की भूमिका निर्णायक होगी.
विस्तार में

जयपुर: राजस्थान में पंचायत समिति चुनाव के नतीजों के बाद अब ग्रामीण सत्ता की सबसे बड़ी तस्वीर शुक्रवार को साफ होने जा रही है. प्रदेशभर की पंचायत समितियों में आज प्रधान पद के लिए चुनाव होगा. प्रधान की कुर्सी पर कब्जा जमाने के लिए कांग्रेस और भाजपा ने पूरी ताकत लगा दी है. चुनाव परिणामों में कांग्रेस ने भाजपा के मुकाबले बढ़त बनाई है, ऐसे में आज का निर्वाचन दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है. कई जगह स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद प्रत्याशियों की सक्रियता और राजनीतिक समीकरणों पर सबकी नजर रहेगी, जबकि त्रिशंकु पंचायत समितियों में निर्दलीय और छोटे दलों की भूमिका निर्णायक होगी.

सीकर: 16 में से 14 पंचायत समितियों में कांग्रेस का बहुमत:
सीकर जिले की सभी 16 पंचायत समितियों में आज प्रधान पद के लिए निर्वाचन होगा. जिले में कांग्रेस ने 14 पंचायत समितियों में बहुमत हासिल किया है. वहीं धोद और फतेहपुर पंचायत समिति में भाजपा सबसे बड़ा दल है, लेकिन यहां किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है.

चुनाव को लेकर कांग्रेस, भाजपा और अन्य दलों के सदस्य बाड़ेबंदी से निकलकर मतदान करने पहुंचेंगे. सुबह 11 बजे तक प्रधान पद के प्रत्याशी नामांकन दाखिल कर सकेंगे. इसके बाद जरूरत पड़ने पर दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा. मतदान समाप्त होते ही परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे.

जैसलमेर: भणियाणा में निर्दलीयों के हाथ में सत्ता की चाबी:
जैसलमेर जिले की भणियाणा पंचायत समिति में प्रधान पद को लेकर आज दिलचस्प मुकाबला होगा. 15 सदस्यीय पंचायत समिति में कांग्रेस के 7, आरएलपी के 4, भाजपा के 2 और 2 निर्दलीय सदस्य हैं.

कांग्रेस निर्दलीय सदस्यों के समर्थन से अपना बोर्ड बनाने की रणनीति में जुटी है. पार्टी ने एडवोकेट अब्दुल रहमान को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है. अब्दुल रहमान वार्ड संख्या 4 पनासर-दुधली की ढाणी से निर्विरोध निर्वाचित हुए थे. अब सभी की नजर निर्दलीय सदस्यों के रुख पर टिकी है.

डीडवाना: 9 पंचायत समितियों में होगा प्रधान पद का चुनाव:
डीडवाना जिले की 9 पंचायत समितियों में आज प्रधान पद के लिए निर्वाचन होगा. सुबह 10 बजे चुनाव प्रक्रिया शुरू होगी. 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे. सुबह 11:30 बजे नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी और दोपहर 1 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे.

जरूरत पड़ने पर दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा. सभी पंचायत समिति कार्यालयों में राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी.

झालावाड़: 8 में से 6 पंचायत समितियों में कांग्रेस का बहुमत:
झालावाड़ जिले की 8 पंचायत समितियों में आज प्रधान पद का फैसला होगा. चुनाव परिणामों में कांग्रेस ने 6 पंचायत समितियों में बहुमत हासिल किया है, जबकि भाजपा को 2 पंचायत समितियों में सफलता मिली है.

भाजपा झालरापाटन और मनोहरथाना में आगे रही, जबकि अकलेरा, भवानीमंडी, डग, खानपुर, पिड़ावा और बकानी में कांग्रेस ने बहुमत हासिल किया है. दोनों ही दलों में प्रधान पद के उम्मीदवारों को लेकर मंथन जारी है. मतदान दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगा.

लक्ष्मणगढ़: नेछवा, बलारां और लक्ष्मणगढ़ में चुनाव"
लक्ष्मणगढ़ विधानसभा क्षेत्र की तीन पंचायत समितियों में आज प्रधान पद के लिए निर्वाचन होगा. तीनों पंचायत समितियों में 15-15 निर्वाचित सदस्य हैं.
नेछवा: कांग्रेस के 10 और भाजपा के 5 सदस्य.
लक्ष्मणगढ़: कांग्रेस के 10, भाजपा के 4 और एक निर्दलीय सदस्य.
बलारां: कांग्रेस के 8, भाजपा के 5 और 2 निर्दलीय सदस्य.

सुबह 10 बजे चुनाव प्रक्रिया शुरू होगी. 11 बजे तक नामांकन, 11:30 बजे नामांकन पत्रों की संवीक्षा और दोपहर 1 बजे तक नाम वापसी होगी. जरूरत पड़ने पर दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा.

जैसलमेर: 10 पंचायत समितियों में ग्रामीण सत्ता का फैसला:
जैसलमेर जिले की 10 पंचायत समितियों में प्रधान की कुर्सी पर कब्जे को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी मुकाबला होगा. कांग्रेस ने प्रधान बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक रखी है, वहीं भाजपा भी अपने पक्ष में समीकरण बनाने में जुटी है.

पूर्व कैबिनेट मंत्री सालेह मोहम्मद ने चुनाव की कमान संभाल रखी है. कांग्रेस विधानसभा प्रभारी अंकुर चौधरी, जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर और पूर्व जिला प्रमुख अब्दुल्ला फकीर की भूमिका भी अहम रहने वाली है. आज प्रधान और 28 नवंबर को उपप्रधान का चुनाव होगा.

बूंदी: 8 पंचायत समितियों में प्रधान पद के लिए मतदान:
बूंदी जिले की 8 पंचायत समितियों में आज प्रधान पद के चुनाव होंगे. सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी और 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे. 11:30 बजे नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी तथा दोपहर 1 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा.

जरूरत पड़ने पर दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा. मतदान समाप्त होते ही मतगणना और परिणाम घोषित किए जाएंगे. 28 नवंबर को उपप्रधान पद के लिए निर्वाचन होगा.

दौसा: सिकराय और सिकंदरा में प्रधान पद की परीक्षा:
दौसा जिले की सिकराय और सिकंदरा पंचायत समितियों में आज प्रधान पद के लिए चुनाव होगा. दोनों पंचायत समितियों में 19-19 वार्ड सदस्य हैं.

सुबह 10 बजे पंचायत समिति परिसर में निर्वाचन प्रक्रिया शुरू होगी. 11 बजे नामांकन, 11:30 बजे संवीक्षा और दोपहर 1 बजे तक नाम वापसी होगी. आवश्यकता पड़ने पर दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा. मतदान के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित होंगे. चुनाव को लेकर पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.

भरतपुर: रूपवास में निर्दलीय तय करेंगे प्रधान:
भरतपुर जिले की रूपवास पंचायत समिति में प्रधान पद का मुकाबला बेहद रोचक है. यहां भाजपा के 8, कांग्रेस के 6, बसपा के 2 और निर्दलीय 9 सदस्य हैं.

किसी भी दल के पास स्पष्ट बहुमत नहीं होने से निर्दलीय सदस्यों के हाथ में प्रधान पद की चाबी है. ज्ञानेश शर्मा को प्रधान पद का प्रमुख दावेदार माना जा रहा है. यहां निर्विरोध निर्वाचन की संभावना को लेकर भी सहमति बनाने के प्रयास हो सकते हैं. रिटर्निंग अधिकारी दिनेश कुमार के अनुसार प्रशासन ने निर्वाचन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तैनात रहेगा.

जोधपुर: 23 पंचायत समितियों में प्रधान पद का निर्वाचन:
जोधपुर जिले की सभी 23 पंचायत समितियों में आज प्रधान पद के लिए चुनाव होगा. जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने मतदान स्थलों का निर्धारण किया है. सभी पंचायत समितियों में निर्वाचन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

इन पंचायत समितियों में होगा चुनाव:
आसोप, बालेसर, आगोलाई और उम्मेदनगर.
सामराऊ, चामू, हतुण्डी और सालवा खुर्द.
शेरगढ़, कापरड़ा, झंवर और धवा.
बावड़ी, बिलाड़ा, तिंवरी और सेखाला.
मंडोर, पीपाड़ शहर, चाबा, केरू और लूणी.
भोपालगढ़ और ओसियां.

प्रधान और उपप्रधान चुनाव को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है. पुलिस आयुक्त अंशुमान भोमिया और ग्रामीण एसपी पंकज यादव के निर्देशन में मतदान स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. 28 नवंबर को उपप्रधान पद के लिए निर्वाचन होगा.