
नई दिल्ली: देश की राजनीति में एक बार फिर महिला आरक्षण और परिसीमन का मुद्दा गरमा गया है. केंद्र सरकार लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की योजना को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने की तैयारी में जुटी है. इसके लिए सरकार एक बार फिर संशोधित संविधान संशोधन विधेयक लाने की तैयारी कर रही है. इसी सिलसिले में 30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा की बैठक बुलाई गई है. दोनों सदनों की बैठकें 3 दिसंबर तक चल सकती हैं.
इस महत्वपूर्ण विधायी कवायद से पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की विशेष बैठक प्रस्तावित है. माना जा रहा है कि बैठक में महिला आरक्षण से जुड़े संशोधित विधेयक और परिसीमन के प्रस्ताव पर चर्चा के बाद मंजूरी दी जा सकती है. हालांकि, सरकार ने अभी तक संसद के विशेष सत्र का विस्तृत एजेंडा आधिकारिक रूप से घोषित नहीं किया है.
लोकसभा की सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव:
महिला आरक्षण को 2029 के चुनाव से लागू करने की योजना के तहत परिसीमन विधेयक में बड़ा बदलाव प्रस्तावित है. इसके अनुसार लोकसभा में राज्यों की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव है. सरकार की कोशिश है कि सीटों में बढ़ोतरी का फॉर्मूला सभी राज्यों पर समान रूप से लागू हो, ताकि किसी राज्य के प्रतिनिधित्व को लेकर विवाद न हो.
दो-तिहाई बहुमत की चुनौती, DMK और NCP पर नजर:
संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होगी. मौजूदा सदन की प्रभावी सदस्य संख्या और मतदान में हिस्सा लेने वाले सदस्यों के आधार पर यह आंकड़ा तय होगा. सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती जरूरी समर्थन जुटाने की है.
कांग्रेस ने बुलाई शाम 4:30 बजे बैठक
दूसरी ओर, संसद के विशेष सत्र को लेकर विपक्ष ने भी अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है. कांग्रेस ने शुक्रवार शाम 4:30 बजे संसदीय रणनीति समिति की बैठक बुलाई है. इस बैठक में सोनिया गांधी की अध्यक्षता में संसद के आगामी सत्र और महिला आरक्षण एवं परिसीमन विधेयक को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा होगी.
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि सरकार संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए एक बार फिर राजनीतिक जोड़तोड़ में जुटी है. उन्होंने सरकार की मंशा और विशेष सत्र बुलाने के समय पर भी सवाल उठाए हैं.