
उदयपुर: जिले के धामदर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. घर में खेल रही महज 2 वर्षीय मासूम नगीना को पैंथर उठाकर ले गया. इस दर्दनाक हादसे में मासूम की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में वन्यजीव के हमले को लेकर भारी आक्रोश और भय व्याप्त है.
जानकारी के अनुसार, धामदर की निचली बस्ती में मासूम नगीना अपने घर में खेल रही थी. इसी दौरान अचानक पैंथर ने हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. देर रात मासूम के शव को उदयपुर के एमबी अस्पताल की मोर्चरी में शिफ्ट करवाया गया.
घटना की जानकारी मिलने पर सरपंच जग्गुराम मीणा, गिर्वा तहसीलदार गणेश विजयवर्गीय सहित वन विभाग की टीम मोर्चरी पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली. बताया जा रहा है कि रात करीब 12 बजे पैंथर एक बार फिर उसी स्थान पर नजर आया, जहां घटना हुई थी. इससे ग्रामीणों में दहशत और बढ़ गई. वन विभाग की ओर से पैंथर को पकड़ने के लिए मौके पर पिंजरा लगाया गया है.
दहशत में ग्रामीण, रातभर जागकर बिताई रात:
मासूम की मौत के बाद निचली धामदर बस्ती में कोहराम मचा हुआ है. ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. पैंथर की दोबारा मौजूदगी से भयभीत ग्रामीणों ने पूरी रात जागकर बिताई. अब ग्रामीणों की मांग है कि पैंथर को जल्द से जल्द पकड़कर क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.