जयपुर : RCA मामले में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि RCA प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को निखारने का मंच होना चाहिए था उसे अब भाजपा के रसूखदार नेताओं के बेटों के लिए एक सुरक्षित 'लॉन्च पैड' में तब्दील कर दिया है.
एडहॉक कमेटी के कन्वीनर पद पर भाजपा विधायक जसवंत यादव के बेटे मोहित यादव की नियुक्ति इस बात की तस्दीक करती है कि सरकार के लिए मेरिट नहीं, बल्कि राजनैतिक रसूख सर्वोपरि है. आम कार्यकर्ता के लिए भाजपा के दरवाजे बंद हैं.
केवल बड़े नेताओं के वंशजों के लिए ही पद आरक्षित हैं. भाजपा में परिवारवाद का संक्रमण जड़ों तक फैल चुका है. यह नियुक्तियां खेल भावना की हत्या है. प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ियों के साथ सरासर अन्याय है.
वर्ष 2023 में हम जयपुर में 5 IPL मैच करवाने में सफल हुए थे : वैभव गहलोत
वहीं RCA को लेकर वैभव गहलोत ने कहा कि जब मैं RCA का अध्यक्ष था उस दौरान BCCI के साथ मेरा अच्छा तालमेल था. RCA के संगठित तौर पर काम करने से क्रिकेट को फायदा हुआ था. वर्ष 2023 में हम जयपुर में 5 IPL मैच करवाने में सफल हुए थे. वहीं इस बार मात्र 4 IPL मैच ही अलॉट किए गए हैं.
जबकि सबको यह उम्मीद थी कि अब भाजपा सरकार है. तो 5 से अधिक मैच मिलने चाहिए थे. नहीं तो कम से कम 5 मैच तो यथावत जयपुर को मिलते हैं. नवंबर 2021 में मेरे कार्यकाल में जयपुर में टी 20 इंटरनेशनल मैच भी हुआ था. लेकिन उसके बाद से आज तक कोई इंटरनेशनल मैच भी नहीं हुआ है.