जयपुर: महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी ने कहा है कि CSR के तहत जल्द ही प्रदेश में मॉड्यूल आंगनबाड़ी केंद्र विकसित किए जाएंगे. उधर, समीक्षा बैठक में कहा कि विभाग की सभी योजनाओं का लाभ हर स्तर पर मिलना चाहिए. कहां परेशानी है उसे दूर किया जाए और बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान दिया जाए. बैठक में किन मुद्दों पर हुई चर्चा.
महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में दिया कुमारी ने बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की. आंगनबाड़ी केंद्रों के मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण, लाडो प्रोत्साहन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, पोषण ट्रैकर, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सखी केंद्र, महिला हेल्पलाइन तथा कालीबाई भील उड़ान योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की प्रगति का आकलन किया.
--- बैठक में इन मुद्दों पर मंत्री को दी गई जानकारी ---
-2833 राजकीय आंगनबाड़ी केंद्रों की मरम्मत व सुदृढीकरण होगा
-चालू वित्तीय वर्ष में 7500 के विरुद्ध अब तक 3117 आंगनबाड़ी केंद्र नंदघर के रूप में विकसित
-CSR के माध्यम से मॉडल कंटेनर आंगनबाड़ी केंद्र विकसित करने के निर्देश जारी
-आंगनबाड़ी केंद्रों में वितरित पोषाहार के मैन्यू में सुधार व दरें रिवाइज करने के लिए कानफेड से अनुबंध की कार्रवाई जारी
-3033 आंगनबाड़ी केंद्रों में से 2261 में मरम्मत का काम पूरा...711 केंद्रों के लिए जल्द जारी होगी निविदा
-प्रदेश की 63 हजार 700 किशोरी बालिकाओं को जल्द दिया जाएगा पूरक पोषाहार का लाभ
-प्रदेश में एक हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हुए उत्कृष्ट कार्यकर्ता के रूप में चयनित, जल्द होंगे सम्मानित...विशिष्ट प्रशिक्षण भी मिलेगा
बैठक में जानकारी दी गई कि 2833 राजकीय आंगनबाड़ी केंद्रों की मरम्मत व सुदृढीकरण होगा. चालू वित्तीय वर्ष में 7500 के विरुद्ध अब तक 3117 आंगनबाड़ी केंद्र नंदघर के रूप में विकसित किया जा चुका है. उधर, उप मुख्यमंत्री ने CSR के माध्यम से मॉडल कंटेनर आंगनबाड़ी केंद्र विकसित करने के निर्देश दिए. आंगनबाड़ी केंद्रों में वितरित पोषाहार के मैन्यू में सुधार व दरें रिवाइज करने के लिए कानफेड से अनुबंध की कार्रवाई का फीडबैक लिया. आंगनबाड़ी केंद्रों की मरम्मत पर अधिकारियों ने कहा कि 3033 आंगनबाड़ी केंद्रों में से 2261 में मरम्मत का काम पूरा हो गया और 711 केंद्रों के लिए जल्द ही निविदा जारी की जाएगी. बड़ी बात यह है कि दिया कुमारी की पहल पर प्रदेश की 63 हजार 700 किशोरी बालिकाओं को जल्द पूरक पोषाहार का लाभ दिया जाएगा.
उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं, बालिकाओं एवं बच्चों तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचे. उन्होंने कहा कि बजट घोषणाओं का धरातल पर बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं की नियमित निगरानी की जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को इनका लाभ मिल सके.