मरुधरा में भीषण गर्मी का कहर, कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार, बीते दिन श्रीगंगानगर सबसे गर्म, 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज

मरुधरा में भीषण गर्मी का कहर, कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार, बीते दिन श्रीगंगानगर सबसे गर्म, 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज

जयपुर: राजस्थान में गर्मी ने अब विकराल रूप लेना शुरू कर दिया है. मरुधरा के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और आमजन को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. गत दिन राज्य का सबसे गर्म जिला श्रीगंगानगर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

इसके अलावा कोटा, पिलानी, चित्तौड़गढ़ और चूरू जैसे जिलों में भी पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है. राज्य के उत्तरी-पूर्वी इलाकों में धूलभरी हवाएं चलने से हालात और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गए हैं. गर्म हवाओं के चलते लोगों को दिन के समय बाहर निकलने में परेशानी हो रही है, वहीं स्वास्थ्य पर भी इसका असर पड़ने लगा है.

मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है. ऐसे में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. खासकर दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और खुद को गर्मी से सुरक्षित रखें.