सिक्किम का 50वां स्थापना दिवस समारोह, पीएम मोदी ने कई परियोजनाओं का किया उद्घाटन, बोले -सिक्किम पूर्व का स्वर्ग

सिक्किम का 50वां स्थापना दिवस समारोह, पीएम मोदी ने कई परियोजनाओं का किया उद्घाटन, बोले -सिक्किम पूर्व का स्वर्ग

गंगटोक: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सिक्किम दौरे का आज दूसरा दिन है. पीएम मोदी ने सिक्किम के राज्यत्व के 50वें वर्ष के जश्न के समापन समारोह कार्यक्रम में शिरकत की. इस मौके पर पीएम मोदी ने पूरे राज्य में 4,000 करोड़ रुपए से ज़्यादा के कई डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया. पीएम मोदी ने सिक्किम के राज्य बनने के 50वें साल के जश्न के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यहां आते ही एक नई अनुभूति नया माहौल, मन खुशियों से भर गया. रात में हुई बारिश, फिर सुबह की ठंडक और ये खिली हुई धूप.

पीएम मोदी ने कहा कि सिक्किम के रंग ही निराले हैं. पूरब का स्वर्ग सिक्किम, आर्किडस का गार्डन सिक्किम. इसका अप्रतिम सौंदर्य, यहां की शान्ति, यहां का आध्यात्मिक आनंद, ये अनुभूति बड़े सौभाग्य से मिलती है. पीएम मोदी ने कहा कि जब देश में राजनीतिक स्वार्थ के चलते भाषावाद, प्रांतवाद, ऊंच-नीच और देश में भेदभाव के लिए लगातार कोशिश हो रही है. आज सिक्किम ने 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के दर्शन करा दिए.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस छोटे से कार्यक्रम में पूरा हिंदुस्तान आंखों के सामने खड़ा कर दिया. वाकई आपने दिल जीत लिया है. केवल मोदी का ही नहीं, पूरे हिंदुस्तान का दिल जीत लिया है आपने आज. यही तो भारत भक्ति, देशभक्ति होती है. नई पीढ़ी में इसी से देशभक्ति के भाव जागते हैं. पीएम मोदी ने कहा कि सिक्किम के लोगों से मिलना मुझे हमेशा एक अलग सुकून देता है. आपकी सौम्यता, आपकी सादगी, आपके चेहरों की मुस्कान अद्भुत है. यहां आने से पहले भी मैं सिक्किम के कई प्रतिभाशाली लोगों से मिला हूं. 

पीएम मोदी ने कहा कि सिक्किम कर प्रबुद्ध लोग, पद्म सम्मान विजेता, आर्टिस्ट और फुटबॉल खिलाड़ियों से मेरी अलग-अलग विषयों और बात हुई है. कल शाम जो रोड शो हुआ, मैं उसे भी अब तक भूल नहीं पाया हूं और न ही कभी भूल पाऊंगा. हाथों में हमारा प्यार तिरंगा, लगातार भारत माता का जयकारा और वंदे मातरम् का उद्घोष, पूरा वातावरण एक भारत-श्रेष्ठ भारत की तस्वीरों से रंगा हुआ था.