जयपुर : सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर जयपुर स्थित झारखंड महादेव मंदिर में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम हो रहा है. इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि आज का ये दिन हम सभी देश वासियों के लिए एक प्रमुख दिन है. क्योंकि आक्रांताओं ने हमारी संस्कृति और विरासत को समाप्त करने की कोशिश की थी.
आक्रांताओं ने हमारी संस्कृतिक विरासत पर लगातार हमले किए थे. सोमनाथ मंदिर को आक्रांताओं ने कई बार लूटा,कई बार मंदिर को खंडित किया. लेकिन हमारे देश के लोगों के मन में जो विश्वास था उस विश्वास ने कभी भी हमारी संस्कृति को विरासत को खत्म नहीं होने दिया.
आज से 75 वर्ष पूर्व सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण हुआ था. भारत के 12 ज्योतिर्लिंग में सोमनाथ मंदिर का अपना महत्व है. सोमनाथ मंदिर को जितनी बार तोड़ा गया. सोमनाथ मंदिर पूरी ताकत के साथ खड़ा रहा. आज पूरे प्रदेश के मंदिरों में ऐसे धार्मिक आयोजन किया जा रहे हैं. भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने पुनर्निर्माण को स्थापित किया था.
राजस्थान के कण कण में संस्कृति बसी हुई है:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत की संस्कृति का संरक्षण कर रहे हैं. देश के सभी धार्मिक स्थलों का विकास किया गया है. राजस्थान के कण कण में संस्कृति बसी हुई है. आज पूरा देश एकजुट होकर हमारी विरासत को सम्मान दे रहा है. प्रदेश सरकार भी धार्मिक कार्य कर रही है. तनोट माता मंदिर, पुष्कर, गिरिराज जी, खाटूश्याम मंदिर सहित गलता जी तीर्थ के विकास के लिए राजस्थान सरकार काम कर रही है. प्रदेश सरकार ने 91 हजार बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा कराई है. आगे भी बुजुर्गों को तीर्थ कराएगी.
हमारे सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करना युवाओं का काम:
सीएम ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि दुनिया में कोई संस्कृति है तो वह भारत की संस्कृति है. युवा इस संस्कृति को और भी आगे बढ़ाने का काम करेंगे. हमारे सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करना युवाओं का काम है. हमारे आध्यात्मिक केंद्रों को संभालना हमारा नैतिक दायित्व है. स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि 21वीं सदी भारत की होगी और आज दुनिया हमारी संस्कृतिक विरासत और आध्यात्म को देख रही है. आज दुनिया के कई देश हमारे देश की संस्कृति का अनुसरण कर रहे है. सीएम भजनलाल शर्मा ने अंत में जय श्री राम और हर हर महादेव का जय घोष लगवाया.