मुंबई: अब 2 घंटे से ज्यादा का सफर 45 मिनट में पूरा हो सकेगा. अरब सागर में सबसे लंबा पुल बनेगा. विरार से साउथ मुंबई 45 मिनट में पहुंचेंगे. अभी 2 घंटे से भी ज्यादा का समय लग जाता है. महाराष्ट्र सरकार ने पिछले दिनों इस ब्रिज के DPR को स्वीकृत किया. उत्तान-विरार सी लिंक को बनाने में करीब 58,754 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है. इस खर्च को महाराष्ट्र सरकार और मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेाट अथॉरिटी मिलकर उठाएंगे.
साथ ही 44,332 करोड़ रुपये का फंड विदेश से कर्ज लेने की भी तैयारी है. यह ब्रिज उत्तान-विरार सी लिंक के नाम से जाना जाएगा. जो उत्तरी मुंबई को दक्षिणी मुंबई से कनेक्ट करेगा. इस हाई स्पीड कॉरिडोर से दोनों छोर घंटेभर से भी कम समय में पहुंचा जा सकेगा. इस कॉरिडोर से नरीमन प्वाइंट से विरार और पालघर तक जाने वालों के लिए भी सफर आसान हो जाएगा. उत्तान-विरार सी लिंक अब तक का सबसे लंबा कॉरिडोर होगा, जिसे 8 लेन का बनाए जाने की तैयारी है.
यह कॉरिडोर भयंदर के पास उत्तान से शुरू होकर विरार में खत्म होगा. इसकी लंबाई 24.35 KM होगी, जबकि इससे पहले बने सी-लिंक की लंबाई करीब 22KM के आसपास है. सी-लिंक के साथ पूरा रास्ता करीब 55.12 KM लंबा होगा और इसे महज 45 मिनट में पूरा किया जा सकेगा. अभी दोनों छोर के लिए घूमकर जाना पड़ता है, जिसकी दूरी करीब 70 KM की हो जाती है और इसे पूरा करने में 2 घंटे से भी ज्यादा का समय लग जाता है.