मरूधरा में गर्मी का सितम, तापमान 43 डिग्री के पार, सीजन का सबसे ज्यादा तापमान चूरू में दर्ज हुआ

मरूधरा में गर्मी का सितम, तापमान 43 डिग्री के पार, सीजन का सबसे ज्यादा तापमान चूरू में दर्ज हुआ

जयपुर: मरूधरा में गर्मी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है. राजस्थान के कई इलाकों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है. इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान चूरू में 43 डिग्री दर्ज किया गया. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं. 

तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है और अधिकतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज होने की संभावना जताई जा रही है. खासतौर पर पश्चिमी राजस्थान में हीट वेव चलने की चेतावनी भी दी गई है. वहीं जोधपुर में भी सूर्यदेव का प्रकोप साफ देखने को मिल रहा है. शहर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. 

तेज धूप और लू के चलते लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं और गर्मी से राहत पाने के लिए तरह-तरह के उपाय करते नजर आ रहे हैं. स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है, ताकि लू और डिहाइड्रेशन से बचा जा सके.