मिर्जापुरः उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में देर रात दर्दनाक हादसा हुआ. मिर्जापुर सड़क हादसे में 9 लोगों के जिंदा जलने सहित 11 लोगों की मौत हो गई. अनियंत्रित ट्रेलर कार को टक्कर मारने के बाद ट्रक से जा टकराया. इस दौरान कार, ट्रेलर और ट्रक के बीच फंस गई. इस दौरान पीछे से आ रही बोलेरो भी ट्रेलर में जा घुसी. टक्कर के बाद बोलेरो में तेज धमाके के साथ आग लग गई. हादसे में चालक सहित 9 लोग जिंदा जल गए, सभी मृतक आपस में रिश्तेदार थे. हादसे में कार चालक और ट्रक के क्लीनर की भी मौत हुई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोग तेजी से बचाव कार्य में जुट गए. लेकिन तेज आग के कारण किसी को बचाया नहीं जा सका.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया दु:खः
मिर्जापुर सड़क हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दु:ख जताया है. कहा कि उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर जिले में सड़क दुर्घटना में हुई. लोगों की जान जाने की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है. दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं. मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं.
मिर्जापुर कलक्टर के अनुसार मिर्जापुर के जिगना थाने नरैना निवासी अरुण सिंह का परिवार बेटे शिवा (7) का मुंडन कराने मैहर गया था. हादसे में शिवा और उसकी मां वंदना सिंह (38) की भी मौत हो गई. इसके अलावा परिवार के ही वीणा सिंह (47), बेटे पीयूष सिंह (15) और बेटी सोनम की मौत हुई. इसी प्रकार बोलेरो में सवार प्रियंका (42), कार्तिकेय (18), पंकज सिंह (40), सोनम (9), रामपुर निवासी बोलेरो चालक विष्णु की जिंदा जलकर मौत हुई. प्रियंका सिंह और कार्तिकेय सिंह मध्यप्रदेश के थे, जो मुंडन में शामिल होने आए थे. वहीं कार सवार मृतक जय प्रकाश (27) सोनभद्र निवासी थे. ट्रक क्लीनर विकास भी मध्य प्रदेश का रहने वाला था.