जयपुरः 15 जून को जिलेभर में शहरी सेवा शिविर आयोजित होंगे. शहरी नागरिकों को विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ मिलेगा. सुबह 9.30 बजे से शाम 6 बजे तक शहरी सेवा शिविर आयोजित होंगे. शिविरों में जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस, साइनेज लाइसेंस, सीवर कनेक्शन, मोबाइल टावर एनओसी, EWS प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सेवाओं से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण होगा, इसके अतिरिक्त पट्टों, उपविभाजन-पुनर्गठन, भू-उपयोग परिवर्तन, नामांतरण, भवन निर्माण स्वीकृति, लीज मुक्त प्रमाण पत्र सहित विभिन्न लंबित प्रकरणों का भी मौके पर समाधान होगा.
शिविरों के दौरान शहरों में साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, पेचवर्क, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, नालियों एवं सीवर लाइनों की मरम्मत, सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण सहित आवारा पशुओं को पकड़ने जैसी व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान रहेगा. फ्लैगशिप योजनाओं के आवेदन प्राप्त कर स्वीकृतियां, पेंशन योजनाओं, मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली योजना, पीएम स्वनिधि, जनधन, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य योजनाओं का लाभ भी पात्र लोगों को मिलेगा.