जयपुर : राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कोटा में कहा कि जनता चुस्त, अफसर सुस्त, ऐसा नहीं चलेगा. गौ संरक्षण में अधिकारियों की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. गौरक्षक प्रदर्शन कर रहे हैं, अधिकारी सुन नहीं रहे हैं. अजीब बात है 14 दिसंबर से लोग आवाज उठा रहे हैं.
लेकिन अफसर है कि उनकी सुन ही नहीं रहे, ऐसा नहीं चलेगा. वसुंधरा राजे आज सुबह झलावाड़ से ब्यावर जाते समय कोटा में हैंगिंग ब्रिज के पास रुकी जहां गौ संरक्षण की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे सनातन गौरक्षा सेवा समिति, कोटा से जुड़े गौ रक्षकों को देखकर रुक गईं. उन्हें गौरक्षकों ने बताया कि कोटा में मृत गायों का सम्मान जनक अंतिम संस्कार नहीं किया जा रहा है.
यह सुनकर वसुंधरा राजे ने कोटा रेंज DIG राजेंद्र गोयल व SP तेजस्विनी गौतम को मौके पर बुलाया. उन्हें इस मामले की गहनता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए. दोनों पुलिस अधिकारियों ने वसुंधरा राजे को आश्वासन दिया कि दोषियों को दंड मिलेगा और गौमाता का अंतिम संस्कार मिट्टी डालकर विधि पूर्वक किया जाएगा.