VIDEO: महिला आरक्षण को लेकर सियासी संग्राम जारी, राजस्थान महिला कांग्रेस ने किया जयपुर में प्रदर्शन, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: महिला आऱक्षण को लेकर सियासत संग्राम जारी है. कांग्रेस ने काउंटर अटैक के तहत अब सड़कों पर इस मसले पर मोर्चा खोल दिया है. पार्टी ने  महिला कांग्रेस को विरोध-प्रदर्शन का टास्क दिया है. राजस्थान महिला कांग्रेस ने इसके तहत आज राजधानी जयपुर में भी प्रदर्शन किया. कांग्रेस की मांग है कि महिला आरक्षण कानून 2023 को केन्द्र सरकार लागू करें.

बढ़ती गर्मी के साथ इन दिनों महिला आरक्षण को लेकर सियासी माहौल पूरी तरह से गर्माया हुआ है. भाजपा औऱ कांग्रेस दोनों इस मसले को लेकर एक दूसरे पर ठीकरा फोड़ रहा है. खास बात है कि दोनों ही दल सड़कों पर भी  प्रदर्शन कर रहे हैं. आज जयपुर में राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के नेतृत्व में महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन किया. कांग्रेस का कहना है कि महिला आरक्षण 2023 में ही पारित होकर कानून बन गया था. अगर केन्द्र सरकार महिलाओं की हितेषी है तो उस कानून को मौजूदा लोकसभा सीटों पर लागू करें. लांबा ने कहा कि केवल सियासी फायदे के लिए बीजेपी केवल दोषारोपण कर रही है.

महिला कांग्रेस ने इसको लेकर  आज बीजेपी दफ्तर कूच का ऐलान किया था. लेकिन पुलिस ने पीसीसी दफ्तर के बाहर दोनों तरफ भारी पुलिस जाप्ता तैनात करने के साथ बैरिकेडिंग लगा दिए. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बैरिकेडिंग बिल्कुल पार नहीं करने दिए. ऐसे में महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने जमकर फिर वहां नारेबाजी की और केन्द्र सरकार का पुतला फूंका. हालांकि पुलिस लाइन की तरफ लगे सुरक्षा घेरे को एक बार प्रदर्शनकारियों ने तोड़ने की कोशिश की लेकिन भारी जाब्ते के चलते कामयाबी नहीं मिली महिला कांग्रेस का कहना है कि यह महिला आरक्षण बिल नहीं गिरा बल्कि उसकी आड़ में मनमर्जी परिसीमन करने की साजिश की हार हुई है.

वहीं प्रदर्शन में नाममात्र की भीड़ जुट पाई जिसके चलते प्रदर्शन फीका साबित हुआ. प्रदर्शन में 100 महिला भी नहीं जुट पाई. जबकि पुलिस की संख्या प्रदर्शनकारियों से ज्यादा थी. ऐसे में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ना तो गिरफ्तारी दी औऱ ना ही बैरिकेडिंग को लांघने का प्रयास किया. लेकिन अब यह तय है कि बंगाल चुनाव तक इस मसले पर सियासत पूरे परवान पर रहेगी.