जयपुर: कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने फसल बीमा योजना में फर्जीवाड़े को लेकर बयान देते हुए कहा कि जिस किसान की मेहनत और पसीने से यह देश चलता है. उसी के नाम पर लूट अत्यंत शर्मनाक और असहनीय है. यह सिर्फ भ्रष्टाचार नहीं, बल्कि अन्नदाता के सम्मान और हक पर सीधा प्रहार है.
इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं और यह सुनिश्चित होगा कि इसमें शामिल हर एक दोषी को सख्त से सख्त सजा मिले. भाजपा सरकार किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह संकल्पित है. अन्नदाता के हक पर डाका डालने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.
कृषि मंत्री डॉ.किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि पल्लू स्थित SBI शाखा की सच्चाई ने मन को गहराई तक आहत किया. प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में इस प्रकार का बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आना, ना केवल चिंताजनक है, बल्कि अन्नदाता के विश्वास के साथ सीधा विश्वासघात भी है.
66 फर्जी किसानों के नाम पर करीब 9 करोड़ का फर्जी बीमा क्लेम तैयार किया. राशि इसी सप्ताह निकालनी थी, लेकिन समय रहते इस घोटाले का खुलासा हो गया. मंत्री ने कहा कि यह अपने आप में एक बड़ा सच उजागर होने जैसा है.