असम में बड़ा ट्रेन हादसा, कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के कई डिब्बे पटरी से उतरे, Video आया सामने

गुवाहाटी(असम): असम के गुवाहाटी के पास बुधवार सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया. डिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस पटरी से उतर गई. हादसा सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट पर हुआ. रेलवे के अनुसार, ट्रेन के इंजन सहित पांच डिब्बे पटरी से उतर गए. हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. 

जानकारी के मुताबिक, ट्रेन पश्चिम बंगाल के कोलकाता से मिजोरम के सैरांग जा रही थी. डिगारू रेलवे स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए एक्सप्रेस की रफ्तार कम की जा रही थी. इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं कर सके और ट्रेन पटरी से उतर गई.

हादसे में यात्रियों के घायल होने को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आई है. पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की बात कही है. हालांकि, कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आने की खबर भी सामने आई है. राहत की बात यह है कि हादसे में किसी की मौत की सूचना नहीं है. 

हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया. मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. वहीं, प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेन के जरिए उनकी मंजिल तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.