बीकानेर में भैयादूज पर दर्दनाक हादसा, बुझ गए एक ही घर के तीन चिराग, डिग्गी में डूबने से चार की मौत

बीकानेर: राजस्थान के बीकानेर जिले के छत्तरगढ़ क्षेत्र में भैयादूज के दिन हुए हृदयविदारक हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं. 9WAM क्षेत्र में डिग्गी में डूबने से चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों में भाई-बहन सहित दो सगे भाई भी शामिल हैं.

हादसे से रमेश कुमार के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. जानकारी के मुताबिक , डिग्गी में डूब रही बच्ची को बचाने के प्रयास में अन्य लोग भी डिग्गी में उतर गए. एक को बचाने की कोशिश में चार जिंदगियां खत्म हो गईं. सूचना मिलते ही छत्तरगढ़ थानाधिकारी नवनीत पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे.

चारों शवों को मोर्चरी में रखवाया गया. खाजूवाला सीओ विजयपाल यादव ने बताया कि एक व्यक्ति को बचाने के प्रयास में यह दर्दनाक हादसा हुआ. भैयादूज जैसे पवित्र पर्व पर एक साथ चार मौतों से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.