जयपुर: राजस्थान से राज्यसभा के लिए भाजपा ने नामों का ऐलान कर दिया. सतीश पूनिया और अलका गुर्जर के नाम का ऐलान किया. भाजपा ने सतीश पूनिया और अलका गुर्जर को राज्यसभा प्रत्याशी बनाया. फर्स्ट इंडिया ने पूर्व में ही दोनों प्रत्याशियों के नामों के संकेत दे दिए थे. इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्याशी के नाम की घोषणा राष्ट्रीय नेतृत्व ही करता है. व्यवस्थित और मुहूर्त से प्रत्याशियों का नामांकन होगा. मदन राठौड़ ने इस बात के संकेत देते बताया कि राजस्थान से ही दोनों प्रत्याशी होंगे.
आपको बता दें कि राजस्थान में 21 जून को राज्यसभा की 3 सीटें रिक्त हो रही हैं, जिनके लिए मतदान 18 जून को कराया जाएगा. चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक 1 जून 2026 को अधिसूचना जारी हुई, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है. 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 11 जून तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे. मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे शुरू होगी.
आपको बता दें कि राजस्थान विधानसभा की 200 सीटों में भाजपा के पास 118 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास 67 विधायक हैं. एक राज्यसभा सीट जीतने के लिए 51 वोटों की जरूरत होती है. ऐसे में BJP को दो सीटें जीतने के लिए 102 वोट चाहिए, जो उसके पास मौजूद हैं. कांग्रेस के पास भी एक सीट के हिसाब से पर्याप्त वोट बैंक है. कांग्रेस के भी एक सीट पर आसानी से कब्जा जमाने की उम्मीद है.