जयपुरः राजस्थान क्रिकेट संघ की एडहॉक कमेटी ने चयन में धांधली को लेकर बदनाम रही चैलेंजर ट्रॉफी को बंद करने का फैसला किया है. अब चैलेंजर ट्रॉफी की जगह जिलों की होने वाली प्रतियोगिता के आधार पर ही राजस्थान के खिलाड़ियों का चयन होगा. आरसीए एडहॉक कमेटी के सदस्य अरिष्ठ सिंघवी को प्रदेश में क्रिकेट संचालन का जिम्मा मिला है. इस जिम्मेदारी के बाद अरिष्ठ ने कई अहम फैसले किए हैं.
सिफारिशी खिलाड़ियों के चयन के लिए बदनामी रही आरसीए की चैलेंजर ट्रॉफी के दिन अब लद गए हैं. चैलेंजर ट्रॉफी में तीन मैच खिलाकर खिलाड़ियों का चयन कर लिया जाता था और प्रदेश में जिलो की क्रिकेट लगभग बर्बाद हो गई थी. जो खिलाड़ी जिले की टीम में नहीं आता था, वह एडहॉक कमेटी सदस्यों व चयनकर्ताओं की मेहरबानी से सीधे चैलेंजर ट्रॉफी खेल लेता और खेला हो जाता. अब ऐसा नहीं होगा. राजस्थान के पूर्व रणजी खिलाड़ी और एडहॉक कमेटी के नए सदस्य अरिष्ठ सिंघवी ने घरेलू क्रिकेट का फॉर्मेट फिर से बदलने का फैसला किया है. इसमें अन्य सदस्यों की भी रजामंदी है. अब क्रिकेट सिर्फ जयपुर में न होकर जिलों में होगी. टीमों को फिर से एलीट व प्लेट ग्रुप में बांटा जाएगा. दो एलीट ग्रुप में सात-सात टीम होंगी, तो कमजोर प्रदर्शन वाली टीमों को तीन प्लेट ग्रुप में रखा जाएगा. यानी एक टीम में छह मैच खेलने को मिलेंगे. अगर टीम नॉकआउट या फाइनल में पहुंचती है, तो मैच की संख्या 10 तक हो जाएगी. चैलेंजर ट्रॉफी में एक दिवसीय मैच ही होते थे, लेकिन अब फिर से दो व तीन दिन के मुकाबले होंगे. एडहॉक कमेटी कॉल्विन चैंपियन व रेस्ट ऑफ राजस्थान टीम के बीच मैच कराने की भी प्लानिंग कर रही है. एडहॉक कमेटी सदस्य अरिष्ठ सिंघवी ने कहा कि हम चाहते हैं कि खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का ज्यादा से ज्यादा मौका मिले.
आरसीए में चयनकर्ता भी विवादों में रहते हैं और उन पर सिफारिशी चयन के आरोप लगते रहे हैं. कई बार बिना योग्यता वाले को भी चयनित कर लिया जाता है. निजी एकेडमी चलाने वाले पूर्व क्रिकेटर भी चयन समिति का हिस्सा बन जाते हैं और फिर उनकी ही एकेडमी से ज्यादा खिलाड़ी चयनित हो जाते हैं. कई बार ऐसा भी हुआ है कि बीसीसीआई की गाइडलाइन से अलग चयनकर्ता नियुक्त कर दिए गए. लेकिन अब एडहॉक कमेटी ने पारदर्शी तरीके से चयन समितियां बनाने का दावा किया है. चयन कमेटी 2026 -27 हेतु आवेदन आमंत्रित कर लिए गए हैं. सीनियर पुरुष चयनकर्ता के लिए कम से कम 10 फर्स्ट क्लास मैच खेलने का अनुभव जरूरी है, तो जूनियर पुरुष चयनकर्ता के लिए कम से कम 5 फर्स्ट क्लास मैच खेलने का अनुभव जरूरी होगा. महिला चयन कर्ता के लिए राजस्थान वीमेन टीम का प्रतिनिधित्व जरूरी होगा. चयन समिति के लिए 15 मई 2026 को शाम 5:00 तक आवेदन करना होगा.