जोधपुर: भाईदूज के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट स्थित तनोट माता मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और प्रदेश की खुशहाली एवं सुख-समृद्धि की कामना की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने बीएसएफ की महिला जवानों के बीच पहुंचकर भाईदूज का पर्व मनाया और बहनों से रक्षा सूत्र बंधवाया. मुख्यमंत्री ने सीमा प्रहरियों के शौर्य और समर्पण को नमन करते हुए प्रदेश सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया. खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री ने मंदिर में दर्शन के साथ सीमा क्षेत्र की व्यवस्थाओं और बीएसएफ की आवश्यकताओं की जानकारी भी ली.
भाईदूज के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का तनोट दौरा धार्मिक आस्था, भाई-बहन के स्नेह और सीमा प्रहरियों के सम्मान के नाम रहा. हेलीकॉप्टर से तनोट पहुंचने पर पुलिस-प्रशासन और बीएसएफ के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री की अगवानी की. तनोट माता मंदिर परिसर पहुंचने पर बीएसएफ की ओर से मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इसके बाद मुख्यमंत्री ने तनोट माता के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और राजस्थान प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं विकास की कामना की.
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विकसित भारत-2047 के संकल्प का उल्लेख करते हुए युवा, महिला, किसान और मजदूर सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के सशक्तीकरण की बात कही. साथ ही सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों को भरोसा दिलाया कि सीमा सुरक्षा से जुड़े प्रदेश सरकार के प्रत्येक कार्य में पूरा सहयोग दिया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमा क्षेत्र में पानी की समस्या सामने आने पर पूर्व में भी राज्य सरकार ने तत्काल बजट स्वीकृत किया था. सीमा प्रहरियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए प्रदेश सरकार केंद्र के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगी.
मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद बीएसएफ के आईजी विकास पाठक ने भी अपने विचार रखे. उन्होंने मुख्यमंत्री के तनोट आगमन और बीएसएफ के जवानों के बीच भाईदूज मनाने पर आभार जताया. साथ ही सीमा क्षेत्र में स्थित बीएसएफ की विभिन्न चेक पोस्ट पर आने का न्योता भी दिया. आईजी ने मुख्यमंत्री की मौजूदगी को सीमा प्रहरियों के लिए सम्मान और उत्साह बढ़ाने वाला अवसर बताया.
इससे पूर्व मुख्यमंत्री बीएसएफ की महिला जवानों के बीच पहुंचे, जहां महिला जवानों ने उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा. मुख्यमंत्री इस आत्मीय पल में भावुक और अभिभूत नजर आए. उन्होंने कहा कि एक ओर तनोट माता के दर्शन का सौभाग्य मिला है, वहीं दूसरी ओर अपनी बहनों का आशीर्वाद लेने का अवसर भी मिला है. यह उनके लिए हर्ष और गर्व का विषय है.इस दौरान मुख्यमंत्री ने बीएसएफ अधिकारियों से सीमा क्षेत्र की व्यवस्थाओं और आवश्यकताओं को लेकर फीडबैक लिया.
मंदिर परिसर में मंदिर संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और वर्ष 1965 एवं 1971 के युद्ध के दौरान पाकिस्तान की ओर से गिराए गए जिंदा बमों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की. मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में विधिवत रुमाल बांधकर अपनी आस्था प्रकट की. वहीं तनोट मंदिर में बढ़ते पर्यटकों की संख्या, धार्मिक पर्यटन और मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा की.इस अवसर पर जैसलमेर विधायक छोटू सिंह सहित पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे. बीएसएफ आईजी विकास पाठक सहित अन्य अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया.
...रेजिडेंट एडिटर राजीव गौड़ की खास रिपोर्ट