बारां : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का बारां के मांगरोल में रोड शो हुआ. इस रोड शो में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, डिप्टी प्रेमचंद बैरवा, प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल शामिल हुए. जिसका मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने धन्यवाद दिया. इस दौरान भजनलाल शर्मा ने कहा कि जन-जन का लाडला ऐसा व्यक्ति जो जन-जन की दुःख तकलीफ को समझे.
अंता विधानसभा में हमारी सरकार ने बहुत काम किया है. ये विकास की सरकार है, वसुंधरा राजे के नेतृत्व में पहले बहुत विकास के काम हुए. जनता की समस्याओं को लेकर हम गंभीर हैं. जनता की समस्या हमारी समस्या है,हम उसे दूर करने का काम करेंगे. पिछली सरकार में कितने पेपर लीक हुए ? 2 साल में कोई पेपरलीक नहीं हुआ. युवाओं को किसी भी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है.
कांग्रेस हमेशा भ्रष्टाचार की राजनीति करती है, तुष्टिकरण की राजनीति करती है. हमारी सरकार में कोई भ्रष्टाचार नहीं चलेगा. अगर किसी ने कोई गड़बड़ करने की कोशिश की तो उसे बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने जो काम किए उनसे ज्यादा काम हमने 2 साल में कर दिए.हमारे विधायक जनता के बीच रहते हैं, जनता की समस्या समझते हैं. कांग्रेस के लोग बड़े बड़े वादे करते हैं. गरीबी हटाओ का नारा कांग्रेस ने दिया, लेकिन गरीबी को हटाने का काम मोदी सरकार ने किया. सीएम ने संबोधन के अंत में कहा कि इस माटी का एक ही लाल मोरपाल-मोरपाल.
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि यहां कुछ छोटी-छोटी समस्याएं हैं. मुख्यमंत्री ने मांगरोल में मंडी बनाने का आश्वासन दिया है कि 2026 में मंडी को शिफ्ट कर दिया जाएगा. किसानों को खाद की समस्या आती है लेकिन कल एक और रैक आ रही है. मांगरोल से बारां की सड़क पूरी तरह खस्ताहाल है. 174 करोड़ की मंजूरी दे दी है, पिछली सरकार ने इस सड़क का वादा किया था. वसुंधरा राजे ने कहा कि किसानों को फ़सल खराबे का उचित मुआवजा मिले. वसुंधरा राजे ने CM भजनलाल शर्मा को धन्यवाद देते हुए कहा कि आपका धन्यवाद, आपने यहां आने के लिए समय निकाला.