भीलवाड़ा : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने खारी का लाम्बा गांव में रात्रि विश्राम किया. शनिवार सुबह वे गांव के भ्रमण पर निकले और ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया. मॉर्निंग वॉक के दौरान मुख्यमंत्री स्थानीय चाय की थड़ी पर पहुंचे, जहां ग्रामीणों के साथ चाय पी और उनकी समस्याओं तथा सुझावों को सुना. मुख्यमंत्री ने मंदिर दर्शन भी किए तथा गांव के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन किया.
फूल सागर तालाब के सौंदर्यीकरण के निर्देश:
गांव भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने फूल सागर तालाब का निरीक्षण किया और तालाब के सौंदर्यीकरण, पाल निर्माण, सीढ़ियों एवं अन्य आवश्यक विकास कार्यों को कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए. उन्होंने जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर भी जोर दिया.
वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत किया पूजन:
मुख्यमंत्री ने सरोवर पर पहुंचकर वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत विधिवत पूजा-अर्चना की. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जल संरक्षण का संदेश देते हुए उन्होंने आमजन से जल बचाने और जल स्रोतों के संरक्षण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया.
गांव के विकास को लेकर की महत्वपूर्ण घोषणाएं:
मुख्यमंत्री ने खारी का लाम्बा और आसपास के क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न घोषणाएं कीं. उन्होंने ग्रामीणों की मांगों पर सड़क, पेयजल, तालाब विकास एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया. साथ ही कहा कि प्रदेश सरकार गांव, गरीब और किसान के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है.