VIDEO: ट्रेड डील को लेकर कांग्रेस ने विरोध किया तेज, विरोध के बहाने कांग्रेस की नजरे किसान वोट बैंक पर, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: ट्रेड डील के मुद्दे पर अब कांग्रेस ने विरोध तेज कर दिया है.ट्रेड डील के विरोध के बहाने अब कांग्रेस ने किसान वोट बैंक को साधना शुरू कर दिया है.इसको लेकर किसान बाहुल्य और कृषि प्रधान राज्यों में किसान सम्मेलनों के जरिए कांग्रेस अन्नदाताओं को होने वाले नुकसान के मुद्दे को फिलहाल हवा दे रही.राजस्थान में भी अगले माह किसान सम्मेलन होगा,जिसमें राहुल गांधी और अध्यक्ष खड़गे हिस्सा लेंगे.

ट्रेड डील के मुद्दे को अब कांग्रेस पूरी तरह से सियासी रंग देने में जुट गई है.इस विरोध के बहाने  कांग्रेस थिंक टैंक की प्लानिंग किसान वोट बैंक पर डोरे डालना है.लिहाजा 8 कृषि आधारित औऱ किसान बाहुल्य वाले राज्यों में कांग्रेस ने मूवमेंट भी शुरु कर दिया है.फिलहाल किसान सम्मेलन के जरिए किसानों को ट्रेड डील को लेकर जागृत किया जा रहा है.कांग्रेस का दावा है कि ट्रेड डील पूरी तरह से भारत के किसानों के खिलाफ है.इससे भविष्य में किसानों को बहुत नुकसान होगा.खासतौर, से मक्का,सोयाबीन औऱ कपास की खेती करने वाले किसान बर्बाद हो जाएंगे.लिहाजा राजस्थान कांग्रेस ने आज इस मुद्दे पर एक बड़ी बैठक बुलाकर विरोध के प्लान बनाने पर मंथन किया.

सम्मेलन का आगाज मध्यप्रदेश से हो चुका है.27 फरवरी को महाराष्ट्र के यवतमाल में दूसरा सम्मेलन होगा.उसके बाद तीसरा किसान सम्मेलन अगले माह मार्च में श्रीगंगानगर में होगा.सम्मेलन के लिए कांग्रेस ने एक रणनीति के तहत नहरी अंचल को चुना है.क्योंकि श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में कपास की काफी खेती होती है.वहीं यह दोनों जिले बड़े किसान आंदोलन के गवाह भी रह चुके है.सम्मेलन की फिलहाल 9 मार्च तारीख प्रस्तावित है, लेकिन लोकसभा फिर से शुरु होने के चलते इस तारीख में बदलाव हो सकता है.

किसान सम्मेलन के बाद कांग्रेस इस आंदोलन को लेकर ब्लॉक औऱ मंडल लेवल पर जाएगी.बैठक में आज जिला अध्यक्षों को जल्द अपने जिलों में आंदोलन शुरु करने के भी निर्देश दिए गए.दरअसल कांग्रेस रणनीतिकारों की इस विरोध के जरिए पूरी कोशिश कांग्रेस वोट बैंक को फिर से अपने पाले में लाने की होगी.राहुल गांधी भूमि अधिग्रहण और तीनों कृषि कानूनों के विरोध जैसा आंदोलन ट्रेड डील को लेकर चलाना चाहते हैं.इसके लिए सदन से लेकर सड़क तक विरोध होगा.अब देखते है कि देशभर के किसानों का कांग्रेस को कितना समर्थन इस विरोध के चलते मिलता है.