VIDEO: नीट पेपर लीक को लेकर कांग्रेस का हल्ला बोल, जयपुर में राजस्थान कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: नीट पेपर लीक को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन जारी है. तमाम जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन के बाद कांग्रेस ने जयपुर में विरोध किया. पीसीसी से पैदल मार्च करते हुए नेता और कार्यकर्ता बीजेपी दफ्तर का घेराव करने के लिए रवाना हुए. लेकिन पुलिस ने शहीद स्मारक पर बैरिकेड लगाकर और वाटर कैनन का इस्तेमाल करते हुए उन्हें रोक लिया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस से भी धक्का मुक्की हो गई.

युवाओं और लाखों स्टूडेंट्स से जुड़े नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस बीजेपी सरकार के खिलाफ हमलावर है. कांग्रेस ने आज इसको लेकर राजधानी जयपुर में जोरदार प्रदर्शन किया. पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा के नेतृत्व में पार्टी मुख्यालय से बीजेपी दफ्तर घेराव के लिए पैदल मार्च शुरु हुआ. नेता और कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए शहीद स्मारक तक पहुंच गए. लेकिन यहां से पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे नहीं बढ़ने दिया. थ्री लेयर की सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त के जरिए पुलिस ने उन्हें रोक लिया. इस दौरान कुछ नेताओं ने बैरिकेड पर चढते हुए लांघने की कोशिश की. लेकिन फिर वाटर कैनन से पानी की तेज बौछारें छोड़ते हुए उन्हें पीछे धकेल दिया. कांग्रेस का कहना है कि मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे.

पानी की बौछारों के बीच ही कांग्रेस का प्रदर्शन जारी रहा. गोविंद डोटासरा और टीकाराम जूली भी पानी से पूरी तरह भीग गए. उसके बावजूद प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे और वहीं सड़क पर धरना दे दिया. इस दौरान पुलिस और नेताओं के बीच लगातार धक्का मुक्की जारी रही. प्रदर्शन में मेडिकल से जुड़े स्टूडेंट्स भी शामिल हुए. आखिर में पुलिस ने सख्ती करते हुए फिर प्रदर्शनकारियों को पीछे धकेल दिया. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि लगातार नीट पेपर लीक हो रहे है और सरकार स्टूडेंट्स के भविष्य से खिलवाड़ करने से बिल्कुल बाज नहीं आ रही.

वहीं लंबे समय बाद आज कांग्रेस के प्रदर्शन में अच्छी खासी भीड़ नजर आई. सांसदों और विधायकों की तादाद भी प्रदर्शन में अच्छी थी. प्रदर्शन के आखिर में कईं नेताओं औऱ कार्यकर्ताओं ने फिर अपनी गिरफ्तारी भी दी. कांग्रेस का कहना है कि जब तक मामले में कड़ा एक्शन नहीं लिया जाएगा तब तक आगे भी उनका आंदोलन जारी रहेगा.