निकाय और पंचायत चुनाव से पहले कांग्रेस का मेगा प्लान, 5 लाख 50 हजार पदाधिकारियों की होगी एक माह में नियुक्ति, देखिए खास रिपोर्ट

जयपुरः निकाय और पंचायत चुनाव की जंग जीतने के लिए कांग्रेस जल्द निचले स्तर पर 5 लाख 50 हजार पदाधिकारियों की और नियुक्ति करेगी. कांग्रेस ग्राम पंचायत औऱ शहरी वार्डों में इन पदाधिकारियों की अगले एक माह में नियुक्ति कर देगी. जिसमें दोनों में 25 हजार ग्राम पंचायत और वार्ड अध्यक्ष बनेंगे,इसके अलावा 21-21 पदाधिकारियों की कार्यकारिणी का भी गठन होगा.

कांग्रेस पार्टी आगामी निकाय औऱ पंचायत चुनाव का रण जीतने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती. इसके लिए पार्टी ने जमीनी स्तर पर संगठन का एक मजबूत ढांचा खड़ा करने का अहम फैसला लिया है. इस कवायद के तहत पार्टी ने ग्राम पंचायत औऱ शहरी वार्डों में लाखों पदाधिकारियों की फौज तैयार करने का लक्ष्य तय किया है. प्रदेश नेतृत्व ने बाकायदा इन नियुक्तियों की डेडलाइन भी तय कर दी है. तमाम जिला अध्यक्षों को 19 अप्रैल तक नियुक्ति प्रक्रिया निपटाने के डायरेक्शन भी दे दिए हैं.

निकाय और पंचायत चुनाव का रण
चुनाव से पहले कांग्रेस की जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत की कवायद
अगले 1 माह में कांग्रेस करेगी 5 लाख 50 हजार पदाधिकारियों की नियुक्ति
ग्राम पंचायत औऱ शहरी वार्डों में बनाए जाएंगे पदाधिकारी
सभी 14 हजार 726 ग्राम पंचायतों में बनाए जाएंगे अध्यक्ष
फिर ग्राम पंचायतों में 21-21 पदाधिकारियों की बनेगी कार्यकारिणी
ऐसे में ग्राम पंचायत लेवल पर हो जाएंगे टोटल 3 लाख 24 हजार पदाधिकारी
वहीं 10 हजार 245 शहरी वार्डों में भी बनेंगे अध्यक्ष
शहरी वार्डों में भी 21 पदाधिकारियों की कार्यकारिणी 
शहरी वार्डों की कार्यकारिणी में होंगे टोटल 2 लाख 25 हजार  पदाधिकारी

एक माह में इस टास्क को निपटाने के लिए बाकायदा प्रदेश नेतृत्व रेगुलर निगरानी भी करेगा.  वॉर रूम के जरिए जिला अध्यक्षों से नियुक्तियों की हर अपडेट ली जाएगी. जिला अध्यक्षों को हर हाल में 19 अप्रैल तक इन नियुक्तियों को अंजाम देना है. कांग्रेस पार्टी ने यह पूरी रणनीति आगामी निकाय औऱ पंचायत चुनाव को देखते हुए अपनाई है. इन पदाधिकारियों के जरिए कांग्रेस की कोशिश शहरी और ग्रामीण वोट बैंक पर पकड़ बनाने की होगी. हालांकि 90 के दशक में भी इस तरह की कवायद की गई थी लेकिन बाद में वह ठंडे बस्ते में चली गई. अब मौजूदा प्रदेश नेतृत्व ने गंभीरता से इस मॉडल को लागू करने का फैसला लिया है. बाकायदा हर पदाधिकारी की फोटो,मोबाइल नंबर और एड्रेस सहित सारी डिटेल भी कलेक्ट की जाएगी.

वहीं इससे पहले कांग्रेस मंडल स्तर पर भी अध्यक्ष और कार्यकारिणी गठन का नवाचार कर चुकी है. संगठन को ग्रास रुट पर खड़ा करने की कांग्रेस की यह कवायद यकीनन पार्टी गतिविधियों औऱ चुनावी जंग जीतने में मददगार साबित होगी. यही वजह है कि कईं बार कांग्रेस हाईकमान राजस्थान कांग्रेस की सक्रियता औऱ सेटअप की तारीफ कर चुका है. अब देखना है साढे 5 लाख पदाधिकारियों की तैयार होने वाली फौज से निकाय और पंचायत चुनाव में कांग्रेस को कितना फायदा मिलता है.    

निकाय औऱ पंचायत चुनाव से पहले कांग्रेस का मेगा प्लान
5 लाख 50 हजार पदाधिकारियों की होगी अलगे 1 माह में नियुक्ति
ग्राम पंचायत और शहरी वार्डों में होगी पदाधिकारियों की फौज खड़ी
25 हजार ग्राम पंचायत औऱ वार्ड अध्यक्ष बनाए जाएंगे
ग्राम पंचायत औऱ शहरी वार्डों में बनेगी 21-21 पदाधिकारियों की कार्यकारिणी
दोनों की कार्यकारिणी में होंगे अध्यक्ष सहित टोटल 5 लाख 50 हजार पदाधिकारी