जयपुर: मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सोमवार को राजस्थान संपर्क कॉल सेंटर में वीडियो कॉल से शुरू हुई ई जनसुनवाई का जायजा लेते हुए नेक्स्ट जनरेशन सुधारों के बारे में निर्देश दिए. इस दौरान उन्होंने कॉल सेंटर में वीडियो कॉलिंग के जरिए 15 परिवादियों कि शिकायतें सुनी और समाधान कैसे हुआ और क्या संतुष्टि हुई, इसकी विस्तार से पूरी जानकारी ली. राजस्थान जनसंपर्क कॉल सेंटर में वीडियो कॉलिंग के जरिए जनसुनवाई की शुरुआत होने के बाद पहली बार मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने यहां की कार्यप्रणाली, परिवादों के निस्तारण और परिवादियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली.
निरीक्षण के दौरान एसीएस दिनेश कुमार, आईटी आयुक्त हिमांशु गुप्ता सहित अन्य आला अधिकारी मौजूद रहे. 181 प्रभारी जी.के. शर्मा ने मुख्य सचिव को कॉल सेंटर की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली की जानकारी दी. निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 15 परिवादियों से सीधे बातचीत की. उन्होंने परिवादियों से उनकी समस्या, संबंधित विभाग की ओर से की गई कार्रवाई और समाधान को लेकर दिए गए जवाब के बारे में जानकारी ली. वी. श्रीनिवास ने अधिकारियों से यह भी जाना कि परिवादों के समाधान की वास्तविक स्थिति क्या है और परिवादियों की संतुष्टि किस स्तर तक हुई है.
वीडियो कॉल के जरिए ई-जनसुनवाई को मिला बेहतर रिस्पॉन्स:
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने फर्स्ट इंडिया से बातचीत में कहा कि वीडियो कॉल के माध्यम से अधिकारी और परिवादी के बीच ई-जनसुनवाई शुरू हो चुकी है. उन्होंने कहा कि इस नई व्यवस्था को लेकर लोगों का बेहतर रिस्पॉन्स मिल रहा है. श्रीनिवास ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कॉल सेंटर का नौ बार निरीक्षण कर चुके हैं और उन्होंने इसमें सुधार के लिए जो जरूरी निर्देश दिया उसी कड़ी में नेक्स्ट लेवल जनरेशन के सुधार शुरू हो चुके हैं. उन्होंने कहा कि नागरिकों का संतुष्टि स्तर बढ़ने और शिकायत निस्तारण के तौर तरीके में गुणवत्ता लाने के लिए यह सुधार हुआ है.
इसी कड़ी में अभय कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी आए थे और आज सीएस ने निरीक्षण करके is सिस्टम कि आसानी देखी और बताया कि इसमें यह भी पता चलता है कि किस गांव से शिकायत आई है और वह परिवादी क्या कहना चाहता है. उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं करीब 15 परिवादियों से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत की और उनकी समस्याओं एवं समाधान की स्थिति को जाना. मुख्य सचिव के अनुसार इस व्यवस्था से संतुष्टि दर में काफी वृद्धि हुई है और व्यवस्थाओं में भी सुधार आया है.
CS बोले—नेक्स्ट जनरेशन का राजस्थान संपर्क कॉल सेंटर बना:
वी. श्रीनिवास ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि राजस्थान संपर्क कॉल सेंटर अब ‘नेक्स्ट जनरेशन’ कॉल सेंटर के रूप में विकसित हो चुका है. उन्होंने बताया कि जब से उन्होंने मुख्य सचिव के पद की जिम्मेदारी संभाली थी, तभी से इस दिशा में काम शुरू किया गया था. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे परिवादियों से संवाद की व्यवस्था को राजस्थान संपर्क की कार्यप्रणाली में महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है. इससे शिकायत दर्ज होने के बाद उसके निस्तारण की स्थिति को लेकर अधिकारी और परिवादी के बीच सीधा संवाद संभव हो रहा है. निरीक्षण का मकसद केवल शिकायतों के निस्तारण की संख्या देखना नहीं, बल्कि परिवादी वास्तव में समाधान से संतुष्ट है या नहीं, इसे भी परखना रहा. मुख्य सचिव ने मौके पर परिवादियों से बातचीत कर इस व्यवस्था की जमीनी स्थिति का फीडबैक लिया.