दिल्ली-NCR में जहरीली हुई हवा ! खतरनाक स्तर पर पहुंचा प्रदूषण, सुबह रियल टाइम AQI 562 दर्ज

नई दिल्लीः दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है. राजधानी की हवा लोगों की सेहत के लिए बड़ा खतरा बनती जा रही है. आज सुबह दिल्ली का रियल टाइम एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 562 दर्ज किया गया. जहरीली हवा के चलते लोगों का सांस लेना भी मुश्किल हो गया है. 

प्रदूषण के कारण सुबह घरों से बाहर निकलना भी लोगों के लिए चुनौती बन गया है. दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है. मयूर विहार फेज-1 में रात 2 बजे AQI 411 दर्ज किया गया, जबकि जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के आसपास सुबह AQI 374 रिकॉर्ड किया गया.

PM2.5 और PM10 का स्तर भी चिंताजनक
राजधानी में हवा में मौजूद प्रदूषक कणों का स्तर भी चिंता बढ़ा रहा है. PM2.5 का स्तर 356 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गया है, जबकि PM10 का स्तर 404 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया है. हवा में प्रदूषक कणों की अधिक मात्रा लोगों की सेहत पर गंभीर असर डाल सकती है.

बच्चों और बुजुर्गों की बढ़ी मुश्किलें: 
जहरीली हवा के कारण लोगों में आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में तकलीफ जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं. प्रदूषण का सबसे ज्यादा खतरा सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों, बच्चों और बुजुर्गों को है. बढ़ते प्रदूषण के बीच लोगों को अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचने और बाहर निकलते समय अच्छी गुणवत्ता वाला मास्क पहनने की सलाह दी जाती है.