नई दिल्ली: कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने राजनीति से संन्यास लेने की अटकलों को खारिज कर दिया है. उन्होंने साफ कहा है कि वह फिलहाल सक्रिय राजनीति से दूर नहीं जा रहे हैं और जीवन की अंतिम सांस तक पार्टी की सेवा करते रहेंगे. मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने हाल ही में यह जरूर कहा था कि उन्हें भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से राज्यसभा के लिए तीसरी बार उम्मीदवार नहीं बनाया जाए.
इसी बयान के बाद उनके राजनीति से संन्यास लेने की चर्चाएं तेज हो गई थीं. हालांकि अब उन्होंने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि उनका ऐसा कोई इरादा नहीं है. दिग्विजय सिंह ने स्पष्ट किया कि उन्होंने केवल पार्टी नेतृत्व से राज्यसभा के लिए तीसरी बार टिकट न देने का अनुरोध किया था, लेकिन इसका मतलब राजनीति से संन्यास लेना नहीं है.
उन्होंने कहा कि वह पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता हैं और अंतिम सांस तक कांग्रेस की सेवा करते रहेंगे. दिग्विजय सिंह का कहना है कि राजनीति में रहते हुए वह संगठन और देश के लिए काम करते रहेंगे.