जयपुर: भजनलाल सरकार ने जनप्रतिनिधियों की भारी मांग और पंचायतीराज, शहरी निकाय चुनाव के बीच एक बार फिर सरकारी विभागों में तबादलों पर रोक हटा दी है. इस छूट से फिर एक बार तृतीय श्रेणी शिक्षकों को वंचित रखा गया है तो दूसरी ओर बारिश के समय में संभावित बीमारियों के मद्देनजर चिकित्सा विभाग के कर्मियों पर लगी तबादले पर रोक अगले आदेशों तक जारी रहेगी. इस सरकार में तीसरी बार सरकारी कर्मचारियों के तबादलों को लेकर छूट दी है.
तबादले में छूट के प्रावधान:
-राजकीय अधिकारियों/ कर्मचारियों के तबादले पर लगी रोक में 19 जून से 5 जुलाई तक छूट दी गई है.
-शिक्षा विभाग के तृतीय श्रेणी के शिक्षकों और बारिश में संभावित बीमारियों के मद्देनजर चिकित्सा विभाग के कर्मियों के लिए तबादले पर रोक अगले आदेशों तक यथावत रहेगी.
-तबादले में एकल महिला/विधवा/परित्यक्ता और मेडिकल बोर्ड की ओर से प्रमाणित कैंसर,मस्तिष्क,हृदय,फेफड़े, किडनी के गंभार या अन्य जानलेवा रोग से ग्रसित असाध्य रोग से ग्रसित कर्मियों, लंबे समय तक सेवा, दिव्यांग कर्मियों और राजकीय सेवा में कार्यरत पति-पत्नी के प्रकरणों को प्राथमिकता दी जाएगी.
-यह आदेश राज्य के सारे निगमों/मंडलों /बोर्डों/ स्वायत्तशासी संस्थानों पर भी लागू होगा.
इस सरकार में दी गई तबादले पर छूट:
-भजनलाल सरकार में तबादलों के लिए सबसे पहले छूट 8 फरवरी 2024 को जारी आदेश के जरिए दी गई थी.
-यह छूट दस से बीस फरवरी तक 11 दिनों के लिए दी गई जिसे मंगलवार मध्यरात्रि को दो दिनों तक बढ़ाते हुए अवधि 22 फरवरी तक कर दी थी.
-दूसरी बार भजनलाल सरकार ने 1 से 10 जनवरी 2025 तक तबादलों में छूट दी थी.
-तीसरी बार शुक्रवार से 5 जुलाई 2026 तक छूट दी गई.
पिछली सरकार का तबादलों की छूट का डाटाबेस:
-पिछली सरकार में 10 से 30 सितंबर 2019 तक तबादलों पर रोक हटाई गई थी
-उसके बाद 16 सितंबर से 31 अक्टूबर 2020 तक तबादलों से रोक हटी थी
-तब भी पंच सरपंचों के चुनाव के बीच यह रोक हटाई थी
-6 जुलाई 2021 को करीब 1 वर्ष बाद तबादलों पर रोक हटाई थी जिसे कुछ दिनों तक बढ़ा दिया था
-30 मई 2022 को जारी किया गया था पूर्व में तबादलों में छूट देने का आदेश
उस समय करीब साढ़े 7 माह की हुई थी तबादलों की एक्सरसाइज
तबादलों के आवेदन ऑनलाइन लेने की संभावना है. सबसे ज्यादा तबादले माध्यमिक शिक्षा होने के आसार हैं.