जयपुर : नवरात्र के पहले दिन बेटी बचाने की दिशा में बड़ा सफल प्रयास हुआ है. राजधानी जयपुर में PCPNDT टीम का डिकॉय ऑपरेशन सफल हुआ. NHM एमडी डॉ. अमित यादव एवं एएमडी डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन और एडिशनल एसपी डॉ. हेमंत जाखड़ की मॉनिटरिंग में सांगानेर में छापामार कार्रवाई की गई.
कार्रवाई के दौरान भ्रूण लिंग परीक्षण करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया. अवैध पोर्टेबल सोनोग्राफी मशीन, कार जब्त, डॉक्टर सहित 3 लोग गिरफ्तार किए गए हैं. जाखड़ ने बताया कि किसी मुखबिर की सूचना पर जांच दल गठित किया गया था. टीम ने गिरोह को पकड़ने के लिए जाल बिछाते हुए डॉ. शेर सिंह राजावत से संपर्क साधा.
जिसने गर्भवती महिला को केसर चौराहा सांगानेर स्थित कुबेर हेल्थ केयर में बुलाया. यहां आरोपी डॉ. राजावत ने गर्भवती महिला से भ्रूण लिंग जांच के 80 हजार रुपए लिए. फिर उन्हें आरोपी जगबीर-हरि कुमावत के साथ मयूर रेजिडेंसी के फ्लैट नंबर-16 में भेजा गया. यहां गर्भवती महिला की पोर्टेबल सोनोग्राफी मशीन से सोनोग्राफी कर गर्भ में लड़की होना बताया.
ऐसे में टीम ने तत्काल दबिश देकर डॉ. शेर सिंह, हरि कुमावत और शीला देवी को धर दबोचा. जबकि एक अन्य आरोपी जगबीर मौका देखकर भाग छूटा, जिसकी तलाश जारी है. PCPNDT पीडी डॉ. राकेश मीणा ने बताया कि आरोपी हरि कुमावत आदतन अपराधी है. इसके खिलाफ पहले से PCPNDT अधिनियम के तहत 2 FIR दर्ज है.