'घर कब आओगे' सॉन्ग लॉन्च, जैसलमेर में बॉर्डर-2 के गाने की हुई लॉन्चिंग, सनी देओल, वरुण धवन समेत कई कलाकार रहे मौजूद 

'घर कब आओगे' सॉन्ग लॉन्च, जैसलमेर में बॉर्डर-2 के गाने की हुई लॉन्चिंग, सनी देओल, वरुण धवन समेत कई कलाकार रहे मौजूद 

जैसलमेर: बॉलीवुड फिल्म बॉर्डर-2 जल्द सिनेमाघरों में धूम मचाने आएंगी. जी हां बॉर्डर-2 मूवी का गाना 'घर कब आओगे' लॉन्च किया गया. इस गाने की लॉन्चिंग के लिए अभिनेता सनी देओल टीम के साथ जैसलमेर पहुंचे थे. आपको बता दें कि जैसलमेर में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर ‘बॉर्डर 2’ का गाना 'घर कब आओगे' लॉन्च हुआ. BSF जवानों के बीच तनोट माता मंदिर के सामने ऑडिटोरियम में आतिशबाजी के साथ 'घर कब आओगे' गाने की लॉन्चिंग की गई. गाने की लॉन्चिंग से पहले कार्यक्रम में पहले कलाकारों ने मशहूर राजस्थानी लोक गीत 'केसरिया बालम आओ नी पधारो म्हारे देश' की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा. इसके बाद फिल्म का लोकप्रिय गीत 'घर कब आओगे' दिखाया गया, जिसने माहौल को भावनात्मक बना दिया

सनी देओल ने मंच से अपने पिता धर्मेंद्र देओल को याद किया. उन्होंने कहा- जब मैं एक्टर बना, तब मैंने तय किया था कि मैं भी पापा की तरह ही मूवीज करूंगा. सनी देओल ने कहा- मुझे अंदाजा नहीं था कि मेरी फिल्मों से युवाओं को इतना कॉन्फिडेंस मिलेगा कि वो सेना में भर्ती होने का फैसला कर लेंगे. उन्होंने भावुक अंदाज में कहा- मैं ज्यादा कुछ नहीं कह पाऊंगा, क्योंकि इस वक्त मेरा दिमाग थोड़ा हिला हुआ है. इसके बाद सनी देओल पूरे जोश में तेज आवाज में बोले- आवाज कहां तक पहुंचनी चाहिए लाहौर तक. उनके इस डायलॉग पर कार्यक्रम स्थल तालियों से गूंज उठा.

अभिनेता वरुण धवन ने 1971 के युद्ध का जिक्र करते हुए देशभक्ति का संदेश दिया. उन्होंने कहा-भारत अमन और शांति में विश्वास रखने वाला देश है, लेकिन 'बॉर्डर' जैसी मूवीज का बनना बेहद जरूरी है. इससे देश के युवाओं को यह संदेश जाता है कि हम मजबूत हैं और जब भी कोई देश की ओर आंख उठाकर देखेगा, तो हम जवाब देने में सक्षम हैं. 

भारत-पाक बॉर्डर पर तनोट माता मंदिर के सामने ऑडिटोरियम में बॉर्डर-2 के 'घर कब आओगे' गाने की लॉन्चिंग हुई. कार्यक्रम में सनी देओल, वरुण धवन, अहान शेट्टी पहुंचे थे. मंच पर BSF के जवानों ने सोनू निगम का सम्मान किया. इस दौरान गीत गाया गया- लिखो कब आओगे… कि तुम बिन ये घर सूना-सूना है. ए गुजरने वाली हवा बता… मेरा इतना काम करेगी क्या? मुझे छोड़कर जो चला गया, उसे ढूंढ ला. इस दौरान जवानों के साथ दर्शक भी भावुक हो गए.फिल्म प्रोड्यूसर जेपी दत्ता की बेटी निधि दत्ता ने मंच से फिल्म और उससे जुड़े गीत के बनने की भावनात्मक कहानी साझा की.

गौरतलब है​ कि वर्ष 1997 में रिलीज हुई फिल्म बॉर्डर की शूटिंग जैसलमेर के सीमावर्ती इलाकों में हुई थी. आज करीब 3 दशक के बाद उसी जगह बॉर्डर-2 के गीत की लॉन्चिंग हुई. 'बॉर्डर-2' मूवी आगामी 23 जनवरी को रिलीज होने जा रही है. ये मूवी वर्ष 1997 की फिल्म 'बॉर्डर' का सीक्वल है. बॉर्डर फिल्म 1971 के भारत-पाक युद्ध की लोंगेवाला लड़ाई पर आधारित थी.