जयपुर: सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जयपुर रेंज पुलिस ने एक व्यापक और प्रभावी विशेष अभियान चलाकर ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों पर कड़ा शिकंजा कसा है. रेंज आईजी राहुल प्रकाश के निर्देशन में 11 अप्रैल से 12 अप्रैल तक चलाए गए इस अभियान में महज एक दिन के भीतर 10,344 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर एक बड़ा संदेश दिया गया है कि नियमों की अवहेलना अब बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
इस विशेष अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आमजन में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था. रेंज आईजी राहुल प्रकाश ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. इसी का परिणाम है कि अभियान के दौरान रिकॉर्ड स्तर पर चालान और अन्य कानूनी कार्रवाइयां की गईं.अभियान के तहत सबसे ज्यादा कार्रवाई बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर हुई, जहां 4543 चालान किए गए. वहीं सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने वाले 1791 वाहन चालकों को भी दंडित किया गया. तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वाले 972 लोगों पर कार्रवाई की गई, जबकि तेज गति से वाहन चलाने वाले 1183 चालकों के खिलाफ चालान किए गए.इसके अलावा, शराब पीकर वाहन चलाने जैसे गंभीर अपराध में 169 मामलों में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई. गलत दिशा में वाहन चलाने वाले 735 चालकों को भी नहीं बख्शा गया. मोबाइल फोन पर बात करते हुए ड्राइविंग करने वाले 179 लोगों पर चालान काटे गए, जो सड़क सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ा खतरा माने जाते हैं.
यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग करने वाले 87 मामलों में कार्रवाई की गई, जबकि वाहनों पर अवैध रूप से ब्लैक फिल्म लगाने वाले 410 चालकों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए गए. बिना नंबर या अस्पष्ट नंबर प्लेट वाले 213 वाहनों पर भी चालान किए गए, जिससे पहचान छिपाकर नियम तोड़ने वालों पर रोक लगाई जा सके.साथ ही, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए 2130 वाहनों की गहन जांच की गई, जिसमें 135 वाहनों के चालान किए गए और 6 वाहनों को जब्त भी किया गया. इस दौरान 141 संदिग्ध वाहनों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की गई, जो सुरक्षा के लिहाज से अहम कदम माना जा रहा है.रेंज आईजी राहुल प्रकाश ने कहा कि यह अभियान केवल चालान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका मुख्य उद्देश्य लोगों में जिम्मेदारी और अनुशासन की भावना विकसित करना है. उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.