जयपुर कांग्रेस की चुनावी तैयारी ! निकाय चुनाव में जीत की बनाई रणनीति, देखिए खास रिपोर्ट

जयपुरः जयपुर शहर कांग्रेस ने आगामी निकाय चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है.  जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष अध्यक्ष सुनील शर्मा ने आज जयपुर के आठ विधानसभा क्षेत्रों के पर्यवेक्षकों की मीटिंग ली और जयपुर नगर निगम में जीत के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले किए है. 

राज्य सरकार ने प्रदेश में निकाय चुनाव कराने का फैसला किया है. इसके साथ ही प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है. पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सभी जिलाध्यक्षों व विधानसभा प्रभारियों को तैयारी के निर्देश दिए थे. इसी क्रम में आज जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा ने अपने आवास पर आठ विधानसभा क्षेत्रों के पर्यवेक्षकों के साथ बैठक की. बैठक में चुनाव को लेकर चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण फैसले किए.

जयपुर में कांग्रेस का टिकट फॉर्मूला
50 फीसदी टिकट 50 वर्ष से कम आयु वालों को मिलेगी
चुनाव लड़ने के लिए वार्ड बदलने की इजाज नहीं मिलेगी
बंद लिफाफे में नेताओं को खाली सिंबल नहीं दिए जाएंगे
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सभी प्रमुख नेताओं की राय से टिकट तय होंगे
आम जनता व कार्यकर्ताओं की राय के आधार पर घोषणा पत्र तय होगा
फीडबैक के आधार पर जिताऊ को ही दिया जाएगा कांग्रेस का टिकट     

सुनील शर्मा ने कहा कि भले ही भाजपा जयपुर शहर में एक मेयर कर देती, लेकिन वार्ड की संख्या कम नहीं करनी चाहिए थी. इससे भाजपा के ही पूर्व पार्षद काफी नाराज है, जिसका फायदा कांग्रेस को मिलेगा. उन्होंने दावा किया कि सांगानेर व विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के पार्षदों की संख्या भाजपा से ज्यादा होगी. कांग्रेस ने तय किया है जयपुर में जनता से जुड़े मुद्दों को ही चुनावी मुद्दे बनाए जाएंगे, क्योंकि भाजपा के राज में जयपुर नगर निगम में सिर्फ भ्रष्टाचार बढ़ा है और गंदगी के ढेर लगे हैं.